ब्लाक प्रमुख के बेटे की स्कूटी सीज करने पर हंगामा
भाजपाइयों ने चेकिंग की आड़ में उत्पीड़न का लगाया आरोप।
जागरण संवाददाता, रामपुर : वाहन चेकिग के दौरान पुलिस ने भाजपा नेता और चमरौआ की ब्लाक प्रमुख के बेटे की स्कूटी सीज कर दी। इसकी जानकारी होने पर भाजपाई भड़क गए। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस वाहन चेकिग कर रही थी। चमरौआ ब्लाक प्रमुख ममता और भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री हंसराज पप्पू का बेटा अंकित कुमार स्कूटी से किसी काम से शाहबाद गेट गया था। इस दौरान वहां वाहन चेकिग कर रही पुलिस ने उसे रोक लिया। स्कूटी सीज कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व जिला महामंत्री ने जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता को बताया। जिलाध्यक्ष व अन्य भाजपाइयों को साथ लेकर सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी से मिले। वह भी राधा रोड पर चेकिग कर रहे थे। इस दौरान भाजपाइयों ने पुलिस पर चेकिग के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष ने एसपी से भी शिकायत की। स्कूटी छोड़े जाने का आश्वासन मिलने पर भाजपाई शांत हुए। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री हंसराज पप्पू का कहना था कि हेलमेट लगा होने के बावजूद 5100 रुपये का चालान कर दिया। बच्चे को समझाने के लिए कम का भी चालान किया जा सकता था। इसके अलावा स्कूटी भी सीज कर दी गई। उधर, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शाहबाद गेट पर महिला उप निरीक्षक कोमल तोमर चेकिग कर रही थीं। जानकारी करने पर पता चला कि स्कूटी के कागजात नहीं थे, इसलिए सीज की गई।