अनदेखी से कूड़ाघर बने यात्री शेड
रामपुर : जनपद में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री शेड कूड़ा घर बनकर रह गए हैं। इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी द्वारा बनवाए गए यात्री शेड बने खंडहर
जागरण संवाददाता, रामपुर : जनपद में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री शेड कूड़ा घर बनकर रह गए हैं। इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
राजा-महाराजाओं के समय से ही राहगीरों की सुविधाओं का खयाल रखा जाता था। राहगीरों की सहूलियत के लिए रास्तों में पेड़ लगाए जाते थे। प्यास बुझाने के लिए कुए खुदवाए जाते थे। समय बदला तो कुओं के स्थान हैंडपंपों और प्याऊ ने ले लिए। गर्मी, सर्दी और बारिश से राहगीरों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा मार्गों के दोनों ओर छायादार पेड़ लगवाए गए। पक्के यात्री शेड बनवाए गए। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पिछले कार्यकाल के दौरान जनपद के विभिन्न मार्गों पर दर्जनों पक्के यात्री शेड बनवाए। स्वार-रामपुर मार्ग पर काशीपुर-आंगा, खौद, परचई, करनपुर, खेमपुर, रुस्तमनगर स्वार एवं बिजारखाता आदि स्थानों पर बने यात्री शेड कूड़ा घर बनकर रह गए हैं। यही हाल रामपुर-शाहबाद, बिलासपुर मार्गों पर बने यात्री शेडों का है। निजि बस सर्विस ऑपरेटर भी यात्रियों की सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। रामपुर-मिलक मार्ग हाईवे होने की वजह से इनकी हालत कुछ बेहतर है। यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए ज्यादातर यात्री शेड देखरेख के अभाव में कूड़ा घर बनकर रह गए हैं। इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। युवा समाज सेवी सलीम अहमद ने जिला प्रशासन से जनहित में यात्री शेडो को दुरुस्त कराने की मांग की है।