सात को बदल जाएंगे आजम के बनवाए पार्क और गेटों के नाम
सपा सरकार में नगर विकास मंत्री रहते आजम ने अपने शहर में बड़े- बड़े द्वार बनवाए थे। गांधी समाधि के पास भी दो आलीशान गेट बनवाए। इनका नाम बाब ए हयात और बाब ए निजात रखा गया।
जागरण संवाददाता, रामपुर : सपा शासनकाल में सांसद आजम खां द्वारा बनवाए गए पार्क और गेटों के नाम सात दिसंबर को बदल जाएंगे। इनके नामकरण के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर आएंगे। साथ में प्रदेश के अल्पसंख्यक कार्य मंत्री बलदेव सिंह औलख भी रहेंगे।
सपा सरकार में नगर विकास मंत्री रहते आजम ने अपने शहर में बड़े- बड़े द्वार बनवाए थे। गांधी समाधि के पास भी दो आलीशान गेट बनवाए। इनका नाम बाब ए हयात और बाब ए निजात रखा गया। बाब ए हयात की जगह पहले नवाब गेट बना था। आजम ने पहले इसका नाम जनरल आजम उद्दीन रखवाया और फिर इसे तुड़वाकर नया गेट बनवाया। इसी तरह तोपखाना के पास स्वार रोड पर नवाबी दौर में बने गेट को तोड़कर नया बनवाया। इसका नाम बाब ए इल्म रखा। अब इसका नाम मौलाना अर्शी के नाम पर रखा जा रहा है, जबकि बाब- ए- हयात और बाब ए निजात का नाम मेजर राफे खां और कर्नल यूनुस अली खां के नाम पर रखा जा रहा है। आजम ने अपने घर के पास ही पार्क बनाया था, जिसका नाम अपने पिता के नाम पर मुमताज पार्क रखा था। पिछले दिनों इसका नाम वीर अब्दुल हमीद के नाम पर रखवाने के लिए भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने जिलाधिकारी से मांग की थी। जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में जो गेट बने हैं, उनका नाम यहीं के महापुरुषों पर रखा जा रहा है। लोगों ने शिकायत की थी कि आजम ने अपने पिता के नाम पर मुमताज पार्क बना रखा है, जबकि उनका रामपुर के लिए कोई योगदान नहीं रहा। अब इसका नाम रामपुर के पहले सांसद मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर रखा जा रहा है। पनवड़िया में नया पार्क बनाया गया है। इसका नाम अटल पार्क रखा जा रहा है। गांधी समाधि पर गांधी प्रतिमा पहले स्थान पर लगवाई जा रही है। गांधी समाधि पर ही शहीद स्मारक भी बन रहा है। इन सभी कार्यों का उद्घाटन व नामकरण केंद्रीय मंत्री नकवी सात दिसंबर को करेंगे। सभी पत्थरों पर पालिकाध्यक्ष फात्मा जबी का नाम भी रहेगा। पालिकाध्यक्ष के द्वारा ही कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र दिए जाएंगे। गौरतलब है कि फात्मा जबी सपा की हैं और सांसद आजम की करीबी हैं। मां का दफ्न पार्क में कराने का आरोप
जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि ऐसी शिकायत मिली है कि सांसद आजम ने अपनी मां का दफ्न भी मुमताज पार्क में कराया है। अपर जिलाधिकारी को इस मामले की जांच सौंपी गई है।