संवाद सहयोगी, मिलक : प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम पंचायत की लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान पर दंड डालते हुए गरीब महिला का आवास बनवाने के निर्देश दिए। डीएम ने खुद गांव पहुंचकर गरीब महिला के घर की नींव भी रखी।
डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ सोमवार की शाम चार बजे भैसोडी गांव पहुंचे।
गांव निवासी अनुसूचित जाति की भोली के आवास निर्माण के लिए खोदी गई नींव के समीप पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। जिलाधिकारी ने विधि विधान पूर्वक भूमि का पूजन किया। महिला का आवास ग्राम प्रधान और सचिव अपने निजी संसाधन से बनवा रहे हैं।
क्षेत्र के भैसोड़ी गांव निवासी महिला भोली तीन दिन पूर्व अपने पति सुक्कन के साथ जिलाधिकारी से मिली थी। जिलाधिकारी को बताया कि आवास न मिलने के कारण उसे समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उसका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में था। किसी कारण से उनकी धनराशि नहीं आई है। जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान लेते हुए जांच कराई।
जांच में पाया कि ग्राम पंचायत की लापरवाही की वजह से भोली को आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया। जिलाधिकारी ने प्रधान और सचिव को बुलाकर उन्हें फटकार लगाई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे निजी आर्थिक संसाधनों से भोली का घर बनवाने की जिम्मेदारी लेंगे।
तीन दिन बाद ही उन्होंने भूमि पूजन का कार्यक्रम रखा। भोली के लिए प्रधान और सचिव द्वारा बनवाए जा रहे मकान की नींव रखने जिलाधिकारी स्वयं पहुंचे। वे भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधि विधान से भूमि पूजन किया।
मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों को जिलाधिकारी ने बताया कि जो लोग जरूरतमंद हैं और आर्थिक रुप से कमजोर हैं। उन्हें विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अनिवार्य रूप से लाभ प्राप्त हो। ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।
योजनाओं को प्रभावी बनाने के दौरान स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही से यदि लाभार्थी को कोई समस्या होती है। तो उनकी लापरवाही का खामियाजा लाभार्थी को नहीं बल्कि उस कर्मचारी को भुगतना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले में अब तक चार जरूरतमंद लोगों के मकान बनवाए जा चुके हैं।
जिसमें समाजसेवियों ने भी आगे आकर अपना सहयोग दिया है। यह एक अच्छी पहल है और इससे जुड़कर संभ्रांत जन जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकते हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अमन देओल, बीडीओ धीरेंद्र पाल सिंह चौहान, एडीओ पंचायत शब्बान अली और सचिव प्रवेश कुमार आदि मौजूद रहे।