सम्मान समारोह में मेधावियों का किया सम्मान
सम्मान समारोह में मेधावियों का किया सम्मान
रामपुर : उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी निर्माण संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाना है तो अपने परिवार की बेटियों को हमें पढ़ाना होगा, क्योंकि पढ़ी-लिखी नारी ही राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकती हैं। वह भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज यूथ विग द्वारा आयोजित दलित विद्यार्थी सम्मान समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान कक्षा 10 के 35 तथा कक्षा 12 के 15 बच्चों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि आज लोगों की विचारधारा काफी बदल चुकी है। कुछ समय पहले तक जहां लोग बेटियों को पढ़ाना-लिखाना ठीक नहीं समझते थे, वहीं आज अधिकांश लोग बेटियों को पढ़ा रहे हैं। यह होना भी चाहिए। हमें बेटियों को बेटों के समान ही अधिकार ही देना चाहिए। संतान में समानता का भाव रखना चाहिए। जाति से कोई छोटा या बड़ा नहीं होता बल्कि उसका ज्ञान उसे ऊंचे सिंहासनों तक पहुंचाता है। किसी भी समाज को उन्नति के लिए शिक्षित युवाओं की आवश्यकता होती है, अत: संतान कोई भी हो, उसे शिक्षित अवश्य करना चाहिए। संतानों को भी चाहिए कि पढ़-लिख कर समाज एवं राष्ट्र की सेवा में योगदान दें। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने कहा कि दलित हो या पिछड़ा वर्ग, शिक्षा सबके लिए बहुत आवश्यक है। बिना शिक्षा के उन्नति की कल्पना भी नहीं की जा सकती। अंत में राष्ट्रीय प्रमुख वीरेश भीम अनार्य ने सबका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा समाज में शिक्षा की अलख जगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दिशा में ही अर्जन अनार्य छात्रवास की व्यवस्था की गई है। इस दौरान डॉ. दशरथ सिंह, अशोक विश्नोई, राजू शर्मा, डॉ. सुमन लाल, पवन अनार्य व माइकल वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।