भारतीय क्रिकेट टीम के चयन में होती है बड़ी पारदर्शिता : सुलक्षण कुलकर्णी
मुंबई रणजी ट्राफी टीम के मुख्य प्रशिक्षक सुलक्षण कुलकर्णी ने भारतीय क्रिकेट टीम के चयन में पारदर्शिता के बारे में कहा कि किसी भी टीम के चयन में जरा सी भी गड़बड़ी नहीं की जा रही है।
रामपुर (जेएनएन)। मुंबई रणजी ट्राफी टीम के मुख्य प्रशिक्षक सुलक्षण कुलकर्णी का मनाना है कि भारतीय क्रिकेट टीम के चयन में अब बड़ी पारदर्शिता है। जूनियर स्तर से ही क्रिकेटर्स का प्रदर्शन देखा जाता है और फिर उचित समय पर क्रिकेटर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाता है।
क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर के साथ मुंबई रणजी ट्राफी टीम के सदस्य रहे सुलक्षण कुलकर्णी पांच राज्यों की तरफ से घरेलू क्रिकेट में खेल चुके हैं। बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज बेहतर योगदान करने वाले सुलक्षण कुलकर्णी रामपुर में रामपुर क्रिकेट अकादमी में बच्चों को क्रिकेट का ककहरा सिखाने आज पधारे थे। रणजी ट्राफी में मुंबई की तरफ से खेलते हुए सुलक्षण कुलकर्णी ने वसीम जाफर के साथ पहले विकेट पर 459 रन की साझेदारी की थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के चयन में पारदर्शिता के बारे में उन्होंने कहा कि किसी भी टीम के चयन में जरा सी भी गड़बड़ी नहीं की जा रही है। टीम के चयन में अब तो काफी पारदर्शिता आ गई है। अब कई तरह के टेस्ट से गुजरने के बाद ही खिलाड़ी का चयन किया जाता है। आइपीएल के बारे में उन्होंने कहा कि क्रिकेटर्स को एक अच्छा प्लेटफार्म मिला है। इसमें देश की कई छुपी हुई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।
मुंबई रणजी टीम के कोच सुलक्षण कुलकर्णी ने बताया कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर मुंबई टीम से खेलने के दौरान उनके रूम पार्टनर रहे थे। सचिन ने जब रणजी ट्राफी में पहला मैच खेला था, तब उस टीम में वह भी शामिल थे। इस मैच में सचिन ने शतक जमाया था।
छत्तीसगढ़ रणजी ट्राफी टीम के 2016 में कोच रहे कुलकर्णी नेपाल की टीम के बैटिंग कोच भी हैं। आज उन्होंने रामपुर क्रिकेट अकादमी के बच्चों को बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग का टिप्स दिया। उन्होंने मीडिया से भी कहा कि 17 वर्ष तक पांच राज्यों से रणजी खेलने के बाद अब वह मुंबई रणजी टीम के कोच हैं। उनका शागिर्द अपूर्व इस बार कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए चयनित हुआ था।