थाना प्रभारी बनी छात्राओं ने एक दिन में किया 180 वाहनों का चालान
रामपुर एक दिन की थानेदार बनी छात्राओं ने सोमवार को जिले भर में वाहन चेकिग अभियान चलाया गया।
रामपुर : एक दिन की थानेदार बनी छात्राओं ने सोमवार को जिले भर में वाहन चेकिग अभियान चलाया। सड़कों पर उतरकर लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करते हुए वाहनों का चालान भी किया। उनसे जुर्माना भी वसूला गया। जिले भर में चले चेकिग अभियान में कुल 180 वाहनों का चालान किया गया। कागज न दिखाने पर दो वाहन सीज किए गए। 21 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूल किया।
मिशन शक्ति अभियान व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को मेधावी छात्राओं को थानों की कमान सौंपी गई। इनमें दयावती मोदी अकादमी छात्रा सारा को सिविल लाइंस थाना प्रभारी बनाया गया। उनके साथ विद्या मन्दिर कन्या इंटर कालेज की छात्रा कुमारी मधु, कामिनी सिंह, मेघा बिष्ट तथा फारिया खान को सहायक (उप निरीक्षक) बनाया गया। सबसे पहले नामित थाना प्रभारी और उप निरीक्षकों को थाने पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। थाने का निरीक्षण कराया गया। इसके बाद नामित प्रभारी और उप निरीक्षकों ने रेलवे स्टेशन रोड, रामरहीम पुल के नीचे संदिग्ध व्यक्यिों/ वाहनों की चेकिग की। वाहन चालकों को यातायात के नियमों के बारे बताया तथा वाहनों पर लगी काली फिल्म को उतरवाया। थाना सिविल लाइन पर चेकिग के दौरान 35 वाहनों का चालान और एक वाहन सीज किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा नामित प्रभारी निरीक्षकों और दारोगाओं को गाइड करते हुए पुलिस के समक्ष आने वाली दिक्कतों के संबंध में भी बताया गया।