अखिलेश यादव के लिए सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां को बनना पड़ा दूल्हा, जानिए क्या है पूरा मामला Rampur News
कमाल अख्तर को बस अड्डे के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा महबूब अली और परेवज को उनके घर पर ही नजरबंद करके रखा गया।
रामपुर, जेएनएन। सपा मुखिया अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर दिन भर प्रशासन अलर्ट रहा। जिले के साथ ही पड़ोसी जनपदों में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। बाहरी नेताओं को रामपुर जाने से रोकने की पूरी व्यवस्था की गई थी। उसके बावजूद सम्भल के जिलाध्यक्ष फिरोज खां तमाम कार्यकर्ताओं सहित पुलिस की आंखों में धूल झोंकने में कामयाब हो गए। वह दूल्हा बने और कार्यकर्ता बराती। उसके बाद आराम से उनकी गाडिय़ां पुलिस के सामने से गुजरती हुई रामपुर पहुंच गई।
यह है पूरा मामला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे को लेकर प्रशासन पूरा दिन चौकन्ना था। मंडल भर से कार्यकर्ताओं के यहां आने का कार्यक्रम था। कोई भी गड़बड़ न हो इसके लिए रामपुर के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों की पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में थी। प्रयास था कि दूसरे जनपदों से कोई भी कार्यकर्ता यहां पर न पहुंच सके। इसको लेकर आसपास के जिलों में भी वहां के प्रशासन ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की आंखों में धूल झोंक दी। सम्भल जिलाध्यक्ष ने पूरी तरह फिल्मी स्टाइल अपनाते हुए रणनीति बनाई। शेरवानी पहनी, चेहरा फूलों के सेहरे से ढका और दूल्हे का रूप धरकर गाड़ी में बैठ गए। उनके साथ गाडिय़ों में बराती बन कर अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हो गए। नतीजा यह हुआ कि पुलिस देखती रह गई और वे लोग रामपुर आ पहुंचे। जबकि अमरोहा से पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, सदर विधायक सपा के महबूब अली और एमएलसी परवेज को पुलिस ने जिले से बाहर नहीं निकलने दिया।