श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव पर शोभायात्रा आज
मिलक, जासं : गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी महोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री गणे
मिलक, जासं : गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी महोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव के समस्त कार्यक्रम नवदिया रोड के निकट रंगोली मंडप में होंगे। महोत्सव गुरुवार से मंगलवार तक धूमधाम से मनाया जाएगा। गुरुवार दोपहर तीन बजे नगर में श्री गणेश जी महाराज की शोभायात्रा रंगोली मंडप से निकाली जाएगी। नगर के मुख्यमार्गों से होते हुए रंगोली मंडप पर समाप्त होगी। शोभायात्रा के उपरांत श्री गणेश जी महाराज की प्रतिमा को विधिवत पूजन आराधना के साथ रंगोली मंडप में स्थापित किया जाएगा। शुक्रवार से रविवार तक रोजाना सुबह और रात आठ बजे मूर्ति का पूजन, भजन संध्या और महा आरती का कार्यक्रम होगा। रोजाना रात आठ बजे बाहर से आए कलाकारों द्वारा भजन संध्या, झांकी आदि प्रस्तुत की जाएंगी। सोमवार की रात आठ बजे श्री गणेश जी महाराज का रात्रि जागरण होगा। हल्द्वानी, फरीदाबाद और दिल्ली के कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। अगले दिन प्रात: चार बजे महाआरती के पश्चात भक्तों में प्रसाद का वितरण होगा। प्रात: सात बजे दिन मंगलवार 18 सितंबर को महायज्ञ होगा। मंगलवार को ही श्री गणेश जी महाराज की मूर्ति का विसर्जन यात्रा रंगोली मंडप से शोभायात्रा के रुप में नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई विसर्जन हेतु राजघाट ले जाई जाएगी।