रामपुर में शिवपाल यादव का बड़ा ऐलान: 'सपा सरकार आते ही आजम खान पर जुल्म करने वाले अफसरों को मिलेगी सजा'
सपा महासचिव शिवपाल यादव ने रामपुर जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद भाजपा और अधिकारियों को सपा सरकार ...और पढ़ें

आजम खान से मिलने के बाद प्रेसवार्ता करते शिवपाल यादव
HighLights
घर जाकर आजम खां के परिवार से मुलाकात करने के बाद जौहर विश्वविद्यालय भी पहुंचे
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान पर सरकार और उनके अधिकारियों ने जुल्म किए हैं। कोई भी सरकार शिक्षा के मामले में हमेशा सहायता करती है, लेकिन भाजपा सरकार ने जौहर यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का प्रयास किया है। यहां पहले जिलाधिकारी रहे आंजनेय कुमार सिंह (वर्तमान में मंडलायुक्त मुरादाबाद) ने भी अत्याचार किए।
जौहर यूनिवर्सिटी का बुरा चाहने वाला चाहे छोटा कर्मचारी हो या बड़ा अधिकारी, सभी को इस पाप की सजा सपा सरकार आने पर मिलेगी।शिवपाल सिंह यादव बुधवार को जौहर यूनिवर्सिटी में मीडिया से बात कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने जेल में आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की।
करीब एक घंटे की जेल में हुई मुलाकात पर कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव आजम खान के साथ हैं। जेल में आजम खान के साथ आगामी चुनाव पर भी चर्चा हुई। आजम खान ने कहा है कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए चुनावी दौरा कीजिए। अखिलेश के लिए भी चुनावी दौरा करने का संदेश दिया है।
आजम खान की सेहत को लेकर कहा कि वह जेल में बहुत तकलीफ में हैं। उन्हें जमीन पर लिटाया जा रहा है। दवा का भी कोई इंतजाम नहीं है। मगर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। कहा कि भाजपा सरकार ने आजम खान के खिलाफ आपराधिक धाराओं में झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं। वह यहां 10 बार से विधायक रहे हैं।
आजम खान का कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी बनवाई। इसके लिए काफी संघर्ष किया। सपा सरकार में सभी विधायकों व सांसदों ने इसमें चंदा दिया। जाने कहां-कहां की जनता ने चंदा दिया। हमने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, प्रोफेसर और स्टाफ के साथ मुलाकात की।
ये सभी यूनिवर्सिटी बचाने के लिए लड़ रहे हैं। इसके लिए समाजवादी पार्टी इनके साथ है। चुनाव में मंदिर चढ़ावा चोरी और पेपर लीक मामले के साथ ही जौहर यूनिवर्सिटी को भी मुद्दा बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार बहरी, भ्रष्ट और बेईमान है।
2027 में समाजवादी पार्टी भाजपा को हराकर सत्ता में आएगी। चुनाव में टिकट बांटने को लेकर आजम खान के दखल पर कहा कि टिकट तय करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेसर्वा होते हैं। इसके बाद सेंट्रल पार्लियामेंट्री बोर्ड बैठता है। वे लोग ही टिकट तय करते हैं। आजम खान ने हमसे जेल में कहा है कि वह समाजवादी पार्टी के थे और रहेंगे।
कितना भी जुल्म हो, वह सपा और अखिलेश यादव के साथ रहेंगे। शिवपाल यादव ने आजम खान के घर जाकर उनकी पत्नी पूर्व सांसद डाॅ. तजीन फात्मा और बड़े बेटे अदीब आजम से भी मुलाकात की। इस दौरान मुरादाबाद से सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, यूसुफ मलिक, प्रदेश सचिव ओमेंद्र चौहान, जिलाध्यक्ष अजय सागर, नगर अध्यक्ष आसिम राजा, अनुराधा चौहान आदि भी मौजूद रहे।
