विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावन का आखिरी सोमवार: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो ट्रैफिक लागू, कांवड़ियों के लिए रूट डायवर्जन

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:56 PM (IST)

सावन के अंतिम सोमवार के लिए दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो ट्रैफिक लागू कर दिया गया है, जिसमें हल्के और भारी दोनों वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सावन के अंतिम सोमवार के लिए हाईवे जीरो ट्रैफिक।

  2. दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हल्के-भारी वाहन प्रतिबंधित।

  3. बदले हुए रूट से गुजर रहे सभी वाहन, पुलिस तैनात।

जागरण संवाददाता, रामपुर। सावन माह के चौथे और आखिरी सोमवार के लिए हाईवे पर शिवभक्तों की भीड़ के चलते दिल्ली-लखनऊ हाईवे को जीरो ट्रैफिक कर दिया है। यानी की हाईवे पर भारी वाहनों के साथ-साथ हल्के वाहनों का संचालन भी पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। सभी वाहनों को बदले हुए रूट से गुजारा जा रहा है।

कोसी पुल से शहजादनगर जाने वाले बाइपास पर जीरो ट्रैफिक की व्यवस्था शनिवार को दोपहर 12 बजे से लागू कर दी गई है, जबकि शुक्रवार रात से शहर के अंदर से होकर गुजर रहे हाईवे पर आंबेडकर पार्क से पनवड़िया तक जगह-जगह अवरोध लगाकर हाईवे को जीरो ट्रैफिक कर दिया गया है। यह ट्रैफिक प्लान अब सोमवार जलाभिषेक होने तक लागू रहेगा।

रूट डायवर्जन व्यवस्था के तहत अब सभी वाहनों को बरेली से रामपुर होते हुए दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों को आंवला, शाहबाद, सैफनी, बिलारी, हजरतनगरगढी, सिरसी, चौधरी सराय चौकी संभल से खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे पर भेजा जा रहा है।

मीरगंज से दिल्ली जाने वाले वाहनों को मिलक तीन बत्ती तिराहा से पटवाई, शाहबाद, सैफनी, बिलारी, हजरतनगरगढी, सिरसी, चौधरी सराय चौकी संभल से खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे से निकाला जा रहा है। रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को अजीतपुर बाइपास पुल की साइड से पटवाई, शाहबाद, सैफनी होते हुए भेजा जा रहा है।

रूद्रपुर (उत्तराखंड) से रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को कोयला/कोयली कट से शहर से अंदर न आने देकर बाइपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर भेजा जा रहा है। वहां से अजीतपुर बाइपास पुल की साइड से शाहबाद, सैफनी गंगा एक्सप्रेसवे पर निकाला जा रहा है। रूट डायवर्जन की व्यवस्था सोमवार रात आठ बजे तक रहेगी।

डायवर्जन प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी किए तैनात

हाईवे पर रूट डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। इसके तहत सभी प्वाइंट पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने शुक्रवार देर रात सभी प्वाइंट का निरीक्षण किया।

पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई भी वाहन हाईवे पर न आने पाए। कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बाइपास पर कोसी पुल से लेकर अजीतपुर, शहजादनगर जीरो प्वाइंट पर पुलिस कर्मी तैनात किए हैं।

इसके अलावा आंबेडकर पार्क, सिविल लाइंस कोतवाली, मालगोदााम तिराहा पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। कार और ई रिक्शा को भी वहां से गुजरने नहीं दिया जा रहा है।