बेसन, मावा, बर्फी और छेना मिठाई के नमूने भरे
होली पर्व को लेकर खाद्य विभाग की टीम ने शुरू किया अभियान
जागरण संवाददाता, रामपुर : होली पर्व को लेकर खाद्य विभाग की टीम ने अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत दुकानों पर छापे मारकर वहां से खाद्य पदार्थाें के नमूने भरे गए। शुक्रवार को टीम ने बेसन, मावा, बर्फी और छेना मिठाई के नमूने भरे। छापेमार कार्रवाई से मिलावट करने वालों में खलबली मच गई है। होली पर्व नजदीक आ गया है। इस पर्व पर दूध और मावा की डिमांड बढ़ जाती है। इसकी आड़ में कई लोग मिलावटखोरी शुरू कर देते हैं। इसे रोकने के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य एवं औषधि प्रसाधन विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य खाद्य निरीक्षक आनंद देव के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को मिलक और रठौंडा में कई दुकानों पर छापे मारे। यहां से मावा आदि खाद्य पदार्थों के नमूने भी भरे। मिलक में सलीम स्वीट्स से छेना मिठाई का नमूना लिया। मिलक में ही सूर्य प्रकाश की भट्टी पर बन रहे मावा का नमूना भी भरा गया। इसके अलावा धमोरा में विशाल गुप्ता किराना स्टोर से बेसन और रठौंडा में तेजरतन मेवाराम मिष्ठान भंडार से बर्फी का नमूना भरा। मुख्य खाद्य निरीक्षक ने बताया कि इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूने में मिलावट पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य निरीक्षक ओम प्रकाश और नीरज कुमार भी शामिल रहे।