पुलिस की जिप्सी से टकराकर घायल रिक्शा चालक की मौत
पांच दिन पहले तोपखाना रोड पर हुआ था हादसा दिल्ली में भर्ती था रिक्शा चालक हादसे के बाद भीड़ ने पुलिस पर किया था पथराव
जागरण संवाददाता, रामपुर : पांच दिन पहले पुलिस की जिप्सी से टकराकर घायल ई-रिक्शा चालक की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। मृतक के घर के आसपास फोर्स तैनात कर दी है। दरअसल, इस हादसे के बाद भीड़ ने बवाल किया था। पुलिस कर्मियों से मारपीट और पथराव किया था। जिप्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में 40 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला 24 अक्टूबर का है। मुहल्ला मछली बाजार निवासी 40 वर्षीय शफीक अहमद उर्फ कल्लू घटना की रात 11 बजे ई-रिक्शा लेकर घर जा रहा था। तोपखाना रोड पर राज्यमंत्री बलदेव औलख के एस्कॉर्ट में शामिल पुलिस की जिप्सी ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। जिप्सी चालक राजपाल सिंह चला रहे थे। उनके साथ सिपाही हेमंत कुमार और सिपाही नितिन कुमार भी थे।
तीनों एस्कॉर्ट ड्यूटी पूरी करके पुलिस लाइन जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। हादसे के बाद जमा भीड़ ने पुलिस कर्मियों से मारपीट की और पथराव कर दिया। जिप्सी भी क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर शहर के तीनों थानों की फोर्स पहुंच गई। भीड़ को लाठियां भांजकर खदेड़ा। घायल रिक्शा चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहां से उसे दिल्ली ले गए। मंगलवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस अलर्ट हो गई। लोग घटना से फिर उत्तेजित न हो जाएं, इसके लिए मृतक के घर के आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि चालक का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा था। उसका निधन हो गया। उसका शव देर रात तक पहुंचेगा। रात में ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उधर, रिक्शा चालक की मौत से परिवार में चीख पुकार मची है। मृतक के छह बच्चे हैं।