सपाइयों में जोश भरने अब 13 को आएंगे अखिलेश
सांसद आजम खां के समर्थन में आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री प्रशासन को मिला कार्यक्रम
रामपुर : सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब सपाइयों में जोश भरने 13 सितंबर को रामपुर आएंगे। उन्होंने दो दिन तक रामपुर में रहने का ऐलान किया है। इस दौरान वह सांसद आजम खां और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। उनका विस्तृत कार्यक्रम प्रशासन को मिल गया है। कार्यक्रम के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री 13 को शाम साढ़े पांच बजे रामपुर पहुंचेंगे और गांधी समाधि के पास रंगोली मंडप में सपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक शाम पौने आठ बजे तक चलेगी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री सांसद के हमसफर रिसोर्ट पर चले जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन, यानी 14 सितंबर को जिले भर के धर्मगुरुओं और नगर पालिका अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद जौहर यूनिवर्सिटी जाएंगे। यूनिवर्सिटी रोड पर बने जिस उर्दू गेट को तोड़ दिया गया था, उसे भी देखने जाएंगे। बाद में सांसद के आवास पर जाकर परिजनों से भी मिलेंगे। दोपहर तीन बजे के बाद वह बरेली के लिए रवाना होंगे। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मिल गया है।
गौरतलब है कि सपा मुखिया यहां सांसद आजम खां के बचाव के लिए आ रहे हैं। आजम खां पार्टी के कद्दावर नेताओं में हैं। वह मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी हैं। सांसद के खिलाफ इन दिनों रामपुर में ताबड़तोड़ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उनके खिलाफ चोरी, डकैती, हत्या, जमीन कब्जाने, मकान तोड़ने आदि मामलों में 73 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। प्रशासन उन्हें भू-माफिया घोषित कर चुका है। ईडी ने भी उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा सांसद के करीबी सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यहीं नहीं, सांसद की पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा, बेटे विधायक अब्दुल्ला, भाई शरीफ खां और भतीजे बिलाल खां के खिलाफ भी रिपोर्ट की गई है। अब पार्टी सांसद के समर्थन में आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नौ सितंबर को यहां आने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन प्रशासन ने मुहर्रम पर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम आगे बढ़ाने की रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। इस कारण से पूर्व मुख्यमंत्री ने नौ सितंबर का कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। अखिलेश के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे सपाई
रामपुर : पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब 13 सितंबर को यहां आ रहे हैं और वह दो दिन रहेंगे। उनके नए कार्यक्रम की जानकारी होने पर सपाइयों ने नए सिरे से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए एक-दो दिन में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी को कार्यक्रम की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। हालांकि पहले मिले कार्यक्रम को लेकर भी सपाइयों ने काफी तैयारियां कर ली थीं। पूर्व कार्यक्रम में उन्हें 11 सितंबर को गांधी समाधि पर धरना देना था। इसके तहत गांधी समाधि के आसपास सपाइयों ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए होर्डिंग्स एवं बैनर लगाए गए थे। इन पर लिखा था कि रामपुर वालों के मुसीबत के इस दौर में आपके रामपुर आने पर तहेदिल से शुक्रिया। हालांकि अब नए कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री धरना नहीं देंगे। धरने का कार्यक्रम में कोई जिक्र नहीं है। वह सांसद के घर जाएंगे और सपाइयों के साथ बैठक करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। जासं