बिलासपुर में सीलिंग की भूमि कब्जाने में 12 व्यक्ति भूमाफिया घोषित
बिलासपुर में सीलिंग की भूमि कब्जाने में 12 व्यक्ति भूमाफिया घोषित
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : गांव बिढ़वा नगला में चर्चित सीलिग की 136 एकड़ भूमि पर 12 व्यक्तियों द्वारा फर्जी अभिलेखों के आधार पर कब्जा करने के चलते उक्त व्यक्तियों के खिलाफ राजस्व विभाग ने भूमाफिया कार्रवाई की है। मामले से क्षेत्र में खलबली मची है।
उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार के मुताबिक गांव बिढ़वा नगला में 136 एकड़ सीलिग की भूमि है। भूमि पर राजस्व विभाग एवं चकबंदी की संयुक्त टीम द्वारा पूर्व में ही कब्जा प्राप्त कर लिया है। फसल की कुर्की उपरांत फसल को नीलाम कर दिया गया है। कहा कि पांच जुलाई 11 को तत्काल तहसीलदार द्वारा कुलविन्द्र सिंह आदि के खिलाफ फर्जी अभिलेखों के आधार पर कब्जा करने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उक्त व्यक्तियों द्वारा सीलिग की भूमि पर पुन: कब्जा करने की नियत से 19 नवंबर 2019 जुताई का प्रयास किया गया। अवतार सिंह आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसडीएम ने बताया कि इसके बावजूद अवतार सिंह आदि व्यक्तियों ने फर्जी अभिलेख तैयार कर सीलिग की भूमि पर फिर से कब्जा करने पर राजस्व विभाग द्वारा 12 व्यक्तियों के खिलाफ भूमाफिया की कार्रवाई की है। बताया कि अवतार सिंह, दलजीत सिंह पुत्रगण प्रताप सिंह निवासीगण कीरतपुर रुद्रपुर उत्तराखंड, दिलबाग सिंह पुत्र बिच्छत्तर सिंह निवासी गांव मंगतपुर, बल्देव इंद्र सिंह, तेजेंद्र सिंह पुत्रगण कुलवीर सिंह निवासी गांव टेमरा, सुखविन्द्र सिंह, सतनाम सिंह, गुरनाम सिंह, गुरदीप सिंह पुत्रगण बलकार सिंह निवासीगण गांव करतारपुर, कुलविन्द्र सिंह, जसवंत सिंह, बलविन्दर सिंह पुत्रगण काला सिंह निवासीगण गांव करतारपुर समेत 12 व्यक्तियों को भूमाफिया घोषित किया।