विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले निकाह का दावा करने वाली युवती पलटी, अब जबर्दस्ती बयान दिलाने के लगाए आरोप

Published: Mon, 10 Aug 2026 12:58 AM (IST)

टांडा की युवती ने प्रेमी के साथ निकाह के दावे वाले अपने पहले के बयान से यू-टर्न लिया है। अब ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. युवती ने प्रेमी संग निकाह के दावे से यू-टर्न लिया।

  2. नए वीडियो में जबरन बयान दिलवाने का आरोप लगाया।

  3. पुलिस मामले की जांच कर रही, युवती परिवार के साथ।

जागरण संवाददाता, रामपुर। टांडा निवासी युवती के 14 जुलाई को घर से प्रेमी के साथ फरार होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पहले युवती ने प्रेमी के साथ इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाने और उसके साथ निकाह कर खुश रहने की बात कही थी।

अब उसने एक अन्य वीडियो जारी कर पहले दिए गए बयान से पलटते हुए आरोप लगाया है कि उससे जबरदस्ती प्रेमी के पक्ष में बयान दिलवाया गया था।

मामले में युवती के पिता की ओर से घर के ट्रक चालक मुहल्ला आजाद नगर निवासी नासिर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पिता ने आरोप लगाया था कि साजिश के तहत उनकी पुत्री ने परिवार के लोगों को चाय और खाने में नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश किया। इसके बाद वह घर से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी और सोने के जेवर लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई।

पिता ने यह भी आरोप लगाया था कि युवती को वापस करने की बात पर आरोपित युवक के घर जाने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप लगाया गया था कि युवती को घर से ले जाने की घटना में आरोपित युवक सहित अन्य लोग भी शामिल थे।

घटना के करीब एक सप्ताह बाद युवती का प्रेमी के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया था। इसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए कहा था कि उसने प्रेमी से निकाह कर लिया है। वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई है और उसके साथ खुश है। युवती ने वीडियो में यह भी कहा था कि यदि उसके साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए उसके परिवार के लोग जिम्मेदार होंगे।

अब युवती ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर पहले के बयान को गलत बताया है। उसका कहना है कि न तो उसकी कोर्ट मैरिज हुई है। और न ही निकाह हुआ है।

नए वीडियो में युवती का आरोप है कि भाई को जान से मारने की धमकी देकर उससे जबरदस्ती प्रेमी के पक्ष में बयान दिलवाया गया था। वह अपने कॉलेज में है और बीयूएमएस कर रही है। उसके इस बदले हुए बयान के बाद मामले को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।

हालांकि,सोशल मीडिया पर सामने आए दोनों वीडियो की दैनिक जागरण पुष्टि नहीं करता है। मामले के विवेचक उप निरीक्षक अफजाल अहमद का कहना है कि पहली वीडियो उसने बौखलाहट में जारी की थी। युवती अपने परिवार के साथ है। और युवक अपने परिवार के साथ है। मामले की विवेचना चल रही है।