ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत, जेसीबी चालक था मृतक बाइक सवार बिट्टू
रामपुर में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार जेसीबी चालक बिट्टू की मौत हो गई। घटना ...और पढ़ें

HighLights
मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार की टक्कर।
जेसीबी चालक बिट्टू की मौके पर ही मौत।
अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश।
जागरण संवाददाता, रामपुर। मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार जेसीबी ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे स्वजन गंभीर रूप से घायल युवक को नगर के सरकारी अस्पताल लेकर गए। जहां मौजूद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा रविवार सुबह ग्राम रास डांडिया शहनाई मंडप के समीप हुआ। थाना केमरी के ग्राम मुझियाना निवासी 28 वर्षीय बिट्टू बाइक से भट्टे पर काम करने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंचे और घायल बिट्टू को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल लेकर आये। जहां मौजूद डाक्टरों ने बिट्टू को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से स्वजन में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना पर केमरी पुलिस सरकारी अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में मौजूद मृतक बिट्टू के स्वजन ने बताया कि बिट्टू भट्टे पर जेसीबी ड्राइवर का कार्य कर पूरे परिवार का पालन पोषण करता था। बह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
मृतक का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। कुछ दिन पूर्व उसके घर पुत्र का जन्म हुआ था। जिसकी बीमारी के कारण मौत हो गई थी।
थाना केमरी इंस्पेक्टर हिमांशु चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। हादसे के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला ला जा रहा है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन में लगे वाहन ले रहे जान
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ते ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर व अन्य वाहनों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
