फैमिली आईडी में रामपुर का जलवा, लगातार चौथी बार प्रदेश में शीर्ष पर; योजनाओं का लाभ लेने में होगी आसानी
रामपुर ने फैमिली आईडी बनाने में लगातार चौथे महीने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि लक्ष्य ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रामपुर ने फैमिली आईडी बनाने में लगातार चौथे माह प्रदेश में शीर्ष स्थान।
रामपुर ने लक्ष्य से 20.80% अधिक फैमिली आईडी बनाकर प्रदेश में प्रथम।
फैमिली आईडी से सरकारी योजनाओं का लाभ अब परिवारों को मिलेगा।
जागरण संवाददाता, रामपुर। फैमिली आईडी-एक परिवार, एक पहचान के तहत रामपुर ने सितंबर की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में लगातार चौथे माह प्रथम स्थान प्राप्त किया है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक फैमिली आईडी बनाकर प्रदेश में अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है।
जिले में एक लाख पांच हजार 502 के लक्ष्य के सापेक्ष एक लाख 27 हजार 450 फैमिली आईडी बनाई गई हैं, जो लक्ष्य का 120.80 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ जनपद ने 69.46 केपीआई अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
डीएम हर सप्ताह करते हैं समीक्षा
फैमिली आईडी के कार्य को प्राथमिकता देते हुए डीएम प्रत्येक सप्ताह इसकी प्रगति की समीक्षा करते हैं। नियमित समीक्षा, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश और कार्य में तेजी लाने के प्रयासों का परिणाम है कि जनपद लगातार चौथे महीने प्रदेश की रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ है।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि फैमिली आईडी का उद्देश्य ऐसे परिवारों को एक विशिष्ट पहचान उपलब्ध कराना है, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। इसके माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों का विवरण एक ही डिजिटल पहचान से जोड़ा जाता है।
शासन की विभिन्न लाभार्थी परक योजनाओं में फैमिली आईडी के माध्यम से पात्रता के सत्यापन और योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को सरल एवं तेज बनाया जा रहा है।
योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा
फैमिली आईडी के आधार पर परिवार के सदस्यों के एकीकृत विवरण के आधार पर सेवाओं की सुगमता, पात्र लाभार्थियों की पहचान तथा पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य आर्थिक सहायता योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा मिलती है।
डीएम ने कहा कि फैमिली आईडी एक परिवार, एक पहचान की अवधारणा को साकार करने वाली महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने जनपद के ऐसे सभी परिवारों से अपील की है कि जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, वे अपनी फैमिली आईडी अवश्य बनवाएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रता नुसार उनका लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सके।
