Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rampur News: अकेले रह रही बुजुर्ग मह‍िला की गला घोंटकर हत्या, कमरे में मिला शव

    Updated: Fri, 20 Jun 2025 04:25 PM (IST)

    रामपुर के गंज क्षेत्र में एक अकेली रहने वाली 65 वर्षीय महिला समर जहां की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुटी है। मृतका के गले पर निशान पाए गए और कमरे से जेवर व नकदी गायब मिली। परिजनों का कहना है कि ससुराली उसे परेशान करते थे और पहले भी मारने की धमकी दी थी।

    Hero Image
    गंज क्षेत्र में वृद्धा की गला घोंटकर हत्या, कमरे में मिला शव।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

    जागरण संवाददाता, रामपुर। गंज क्षेत्र में घर में अकेली रहने वाली वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उनका शव कमरे में पड़ा मिला। मायके से आए स्वजन ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गंज कोतवाली के मुहल्ला घेर कलंदर खां में स्वर्गीय बाबर खां का मकान है। उनकी कोई संतान नहीं है। घर में उनकी पत्नी 65 वर्षीय समर जहां अकेली रहती थीं। शुक्रवार सुबह वह अपने कमरे में मृत मिलीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वह अपने बिस्तर पर मृत पड़ी थीं। उनके गले पर निशान थे और पास में ही दुपट्टा और कमरबंद पड़ा था।

    पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि महिला के आसपास उनके ससुराली रहते हैं। इनमें दो जेठ और एक देवर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाया। जानकारी मिलने पर मृतका के मायके से स्वजन भी वहां आ गए। मृतका का मायका का है। यहां उनकी ससुराल है। उनके पति का 2020 में निधन हो गया था। तब से वह पति के हिस्से में बने मकान में अकेली रहती थी, जबकि दूसरे हिस्सों में जेठ और देवर रहते थे।

    मृतका के स्वजन का आरोप था कि ससुराली उसे परेशान करते थे। 15 दिन पहले भी रात को समर जहां ने हमें फोन किया था। कहा था कि कोई उसे मारना चाहता है। हमने उसे 112 पर काल करने की सलाह दी थी। तब उसके फोन पर पुलिस भी आई थी। चार दिन पहले भी उसके साथ ससुराल पक्ष की एक महिला ने झगड़ा किया था।

    मृतका के भांजे अताउल नबी ने बताया कि समर जहां उनकी मौसी थीं। हमें रात दो बजे मुहल्ला नालापार में रहने वाले एक परिचित ने उनकी मौत की खबर दी। हम सुबह चार बजे यहां पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत पड़ी थीं और अलमारी खुली थी। उसमें रखे जेवर और नकदी गायब थी। उनके पास करीब आठ तौले जेवर था। कोई बाहर का व्यक्ति अंदर नहीं आ सकता। घर में रहने वाले सभी परिवारों के हिस्से भले अलग हैं, लेकिन मुख्य द्वार एक ही है।

    गंज कोतवाली प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका का ससुराल पक्ष से रास्ते को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। अभी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फारेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। उनकी रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई करेंगे।

    मामून शाह भी पहुंचे घर

    मृतका के घर के पास ही नगर पालिका चेयरमैन सना खानम का भी घर है। उनकी मौत की सूचना पर नगर पालिका चेयरमैन के पति समाजसेवी मामून शाह ने भी वहां पहुंचकर जानकारी की।