विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्यूटी पर जान गंवाने वाले होमगार्ड के परिवार को 34 लाख की सहायता, डीएम ने सौंपा चेक तो भर आई पत्नी की आंखें

Published: Sun, 23 Aug 2026 07:09 PM (GMT+05:30)

रामपुर के जिलाधिकारी ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले होमगार्ड हरकेश सिंह की पत्नी को एक्सिस बैंक की ओर से 34 लाख रुपये का चेक सौंपा।

मृतक होमगार्ड के स्वजन को सहायता राशि के रूप में चेक देते डीएम अजय कुमार द्विवेदी। जागरण

मृतक होमगार्ड के स्वजन को सहायता राशि के रूप में चेक देते डीएम अजय कुमार द्विवेदी। जागरण

HighLights

  1. रामपुर डीएम ने ड्यूटी पर शहीद होमगार्ड के परिवार को सहायता दी।

  2. होमगार्ड हरकेश सिंह की पत्नी को 34 लाख का चेक मिला।

  3. यह राशि एक्सिस बैंक के वेतन बीमा अनुबंध से मिली।

जागरण संवाददाता, रामपुर। ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मुरादाबाद के होमगार्ड हरकेश सिंह के स्वजन को 34 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने दिवंगत होमगार्ड की पत्नी रजनेशा देवी को एक्सिस बैंक की ओर से 34 लाख रुपये का चेक सौंपा।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव मानपुर पट्टी निवासी हरकेश सिंह पुत्र रामसरन सिंह रामपुर की होमगार्ड कंपनी नंबर छह नगर में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से स्वजन के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। हरकेश सिंह का वेतन खाता एक्सिस बैंक में संचालित था।

उत्तर प्रदेश होमगार्ड मुख्यालय और बैंक के बीच हुए विशेष वेतन खाता दुर्घटना बीमा अनुबंध के तहत उनके परिवार को बीमा सहायता मिलनी थी।

हादसे के बाद विभाग और बैंक स्तर से क्लेम की प्रक्रिया तेजी से पूरी कराई गई। इसके बाद निर्धारित 34 लाख रुपये की बीमा राहत राशि का चेक जिलाधिकारी के माध्यम से उनकी पत्नी को सौंपा गया।

जिला होमगार्ड कमाडेंट कमलेश चौहान ने बताया कि होमगार्ड मुख्यालय को अतिरिक्त आर्थिक सहायता के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। इससे परिवार को नियमों के तहत मिलने वाले अन्य लाभ भी जल्द मिलने की उम्मीद है। चेक सौंपते हुए जिलाधिकारी ने स्वजन को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ है।