विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बजरंग दल नेता सुसाइड केस में बड़ा एक्शन: हंगामे के बीच अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष गिरफ्तार, मिलक कोतवाल पर भी गिरी गाज

Published: Thu, 20 Aug 2026 07:39 PM (IST)

बजरंग दल नेता सूरज पटेल आत्महत्या मामले में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार को विरोध प्रदर्शनों के बीच ...और पढ़ें

मिलक में बजरंग दल नेता सूरज पटेल का शव गांव पहुंचने पर लगी पुलिस फोर्स। जागरण

मिलक में बजरंग दल नेता सूरज पटेल का शव गांव पहुंचने पर लगी पुलिस फोर्स। जागरण

HighLights

  1. दो दिन से सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे थे लोग, कोतवाली के बाहर किया था हंगामा

  2. लखीमपुर विष्णु गांव में पुलिस की सुरक्षा के बीच सूरज पटेल शव का अंतिम संस्कार

संवाद सहयोगी, मिलक (रामपुर)। बजरंग दल नेता सूरज पटेल के आत्महत्या मामले में मिलक क्षेत्र से आरोपित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार को हंगामे के बीच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार सुबह से लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे।

दो दिन से चल रहे हंगामे के बाद एसपी अनिल सिसौदिया ने मिलक कोतवाल मनीराम सिंह को भी हटाकर पुलिस लाइन भेजा है। उनके स्थान पर जन शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी संजय कुमार को मिलक कोतवाली प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं देर शाम गांव में भारी पुलिस बल की सुरक्षा के बीच सूरज पटेल शव का अंतिम संस्कार किया गया।

20RPM_M_2_20082026_341.JPG

गांव लखीमपुर विष्णु निवासी सूरज पटेल बजरंग दल के पूर्व प्रखंड संयोजक थे। बुधवार सुबह उनका शव खेत में पेड़ के सहारे फंदे से लटका मिला था। उनकी मौत की खबर से लोगों में आक्रोशित हो गए थे। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता शव लेकर कोतवाली पहुंच गए थे।

वहां शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। बजरंग दल नेता की आत्महत्या के लिए मुहल्ला असदुल्लापुर निवासी अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार को जिम्मेदार ठहराते हुए गिरफ्तारी की मांग की थी।

उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी विनिता की तहरीर पर आदेश शंखधार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मृतक की पत्नी का कहना था कि आरोपित ने उनके पति के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

आरोपित समझौता करने के बदले 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर घर पर बुलडोजर चलवाने की धमकी दे रहा था। इस मुकदमे व लगातार दबाव के कारण उनके पति मानसिक तनाव में थे, जिसकी वजह से पति ने आत्महत्या की।

गुरुवार सुबह आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फिर लोग सड़कों पर उतर आए। पहले मिलक कोतवाली के सामने एकत्र होकर हंगामा किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी नगर के बिलासपुर रोड स्थित बिजली घर के सामने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।

ट्रैफिक सीओ राजवीर सिंह परिहार और बिलासपुर सीओ हर्षिता सिंह मौके पर पहुंचीं। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी आ गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए कहा कि मिलक क्षेत्र से आरोपित आदेश शंखधार को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी स्वजन और समर्थक मानने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि जब तक आदेश शंखधार को हमारे सामने नहीं लाया जाएगा, तब तक हम यहां से नहीं हटेंगे।

हालांकि बाद में अधिकारियों ने समझाकर उन्हें गांव भेज दिया। देर शाम गांव में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एएसपी समेत दोनों सीओ और कई थानों की फोर्स गांव में तैनात रही।

यह भी पढ़ें- रामपुर: 500 करोड़ के विवाद में फंसी जौहर यूनिवर्सिटी, आजम खान के विक्टिम कार्ड पर BJP का पलटवार