विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर में बड़ी कार्रवाई: आजम खान को जेल भिजवाने वाले सरकारी वकील समेत 6 पद से हटाए गए

Published: Sat, 20 Jun 2026 08:18 PM (IST)

शासन ने रामपुर में छह शासकीय अधिवक्ताओं को हटा दिया है, जिनमें आजम खान के खिलाफ मुकदमों की पैरवी करने ...और पढ़ें

आजम खान

आजम खान

HighLights

  1. जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी और शहर विधायक के अधिवक्ता का नाम भी सूची में शामिल

जागरण संवाददाता, रामपुर। शासन ने छह शासकीय अधिवक्ताओं को हटा दिया है। इनमें एक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी हैं, जबकि पांच सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता हैं। जिला सहायक शासकीय अधिवक्ताओं में एक नाम संदीप सक्सेना का भी है, जो शहर विधायक आकाश सक्सेना की ओर से आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों में पैरवी कर रहे थे।

शासन के आदेश पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शासकीय अधिवक्ताओं को हटाने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिन अधिवक्ताओं को हटाया गया है, उनमें भाजपा विधायक आकाश सक्सेना के करीबी संदीप सक्सेना भी शामिल हैं।

उन्होंने शहर विधायक द्वारा आजम खान के खिलाफ दर्ज कराए दो जन्म प्रमाण पत्र और दो पैन कार्ड मामले में पैरवी की थी। दोनों ही मामलों में आजम खां और अब्दुल्ला को सात-सात साल की सजा हुई थी। हालांकि दो पैन कार्ड मामले में बाद में आजम खान की सजा सेशन कोर्ट से बढ़कर 10 साल कर दी गई थी।

इस संबंध में संदीप सक्सेना का कहना है कि शासकीय अधिवक्ता का पद होने या न होने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। वह शहर विधायक के प्राइवेट अधिवक्ता के तौर पर उनके मुकदमों की पैरवी करते रहेंगे।

इसके अतिरिक्त जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अमित कुमार सक्सेना, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी प्रमोद सागर, ओमप्रकाश लोधी, प्रताप सिंह मौर्य, अमित कुमार को हटाया गया है। डीएम की ओर से जारी आदेश में कहा है कि हटाए गए शासकीय अधिवक्ताओं के रिक्त पदों पर पैनल गठित कर नियुक्ति की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रामपुर डकैती मामले में जुर्म कबूलने पर मिली रिहाई, साढ़े सात साल बाद जेल से छूटे अभियुक्त