विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों ने निकाली रैली
विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों ने निकाली रैली
जागरण संवाददाता, रामपुर : विकलांग सेवा समाज संस्थान की ओर से विश्व दिव्यांग के अवसर पर रैली निकाली गई। उसके बाद कार्यालय पर पहुंच कर दिव्यांगों को भोजन कराया गए फिर उन्हें कंबल वितरित किए गए।
सुबह में बड़ी संख्या में दिव्यांग किला पार्क में इकट्ठा हुए। दोपहर में 12 बजे संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष लईक अहमद वहां पहुंचे। सबने आतिशबाजी आदि के साथ गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने दिव्यांगों को संबोधित किया। कहा कि आम इंसानों से अपने आपको किसी हालत में अलग या कम न समझें। क्योंकि किसी इंसान में जब किसी अंग का अभाव होता है तो अल्लाह उसे अन्य काबिलियतों से भर देता है। अक्सर देखा जाता है कि दिव्यांग व्यक्ति में कुछ न कुछ ऐसी विशेषता होती है, जो उसे आम इंसानों की भीड़ से अलग करती है। अत: अपने आपको किसी से कम न आंकें। कहा कि दिव्यांगों के कल्याण की दिशा में बेहतर प्रयास करने चाहिएं, जिससे उनके आगे रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न न हो सके। इसके अलावा उन्होंने दिव्यांगों से किसी भी हाल में मोहताजी भरा जीवन न जीने की सीख दी। कहा कि वर्तमान में जो योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, उनका लाभ लेकर स्वावलंबी जीवन व्यतीत करें। उसके बाद रैली प्रारंभ की गई। दिव्यंगजन ई रिक्शा, ट्राइसिकल व ट्रैक्टर ट्रॉली में भर कर रैली में सम्मिलित हुए। यह रैली जामा मस्जिद, शादाब मार्केट, मदरसा फुरकानिया, मिस्टन गंज व राजद्वारा होता हुआ सैनियों वाली गली स्थित कार्यालय पर पहुंचा। वहां पर सबको भोजन करवाया गया। उसके बाद जिला विकलांग कल्याण अधिकारी एवं प्रांतीय अध्यक्ष लईक अहमद ने उन्हें कंबल वितरित किए। जिलाध्यक्ष वाजिद अली, गुलाम नबी, कामिल हुसैन, मनोज व जगवीर आदि उपस्थित रहे। दिव्यांगों को किया सम्मानित
रामपुर : कांग्रेस के नगर अध्यक्ष मामून शाह खां ने गरीब दिव्यांगजन को कंबल वितरित किए। इसके साथ ही शॉल ओढ़ा कर उनका सम्मान भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन की धनराशि काफी कम है। सरकार को इसका कोटा बढ़ाना चाहिए। उन्हें भरपूर सुविधाएं सरकार को देनी चाहिएं, जिससे वे गरीबी भरा जीवन जीने को मजबूर न हो सकें। उन्हें ट्राइसिकल भी दी जानी चाहिएं। इस मौके पर एजाज खान, सैयद फैसल हसन, सैयद राहिम हसन, आमिर कुरैशी, रामगोपाल सेनी, रमेश प्रभाकर, विक्की नफीस व रहमान अली आदि मौजूद रहे।