कोसी नदी पर बना अस्थायी पुल टूटा, मची भगदड़
रामपुर : गंगा स्नान के लिए कोसी नदी पर बना अस्थायी पुल श्रद्धालुओं की भीड़ का वजन सहन नहीं क
रामपुर : गंगा स्नान के लिए कोसी नदी पर बना अस्थायी पुल श्रद्धालुओं की भीड़ का वजन सहन नहीं कर सका और भरभराकर टूट गया। इससे वहां भगदड़ मच गई। एक श्रद्धालु पानी में डूबने लगा। हालांकि गोताखोरों ने उसे बचा लिया। अस्थायी पुल टूटने की घटना से प्रशासन की व्यवस्था की पोल भी खुल गई। कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल की तरह इस बार भी घाटमपुर गांव में कोसी नदी किनारे गंगा स्नान का मेला लगाया था। तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने कोसी नदी के पानी में स्नान कर पूजा अर्चना की। जैसे-जैसे दिन चढ़ने लगा, भीड़ बढ़ने लगी। नदी से पार आने के लिए वहां लकड़ी के दो अस्थायी पुल बनाए गए थे। अपराह्न में अचानक एक पुल भीड़ का दबाव बर्दाश्त नहीं कर सका और भरभराकर टूट गया। कई श्रद्धालु गिर गए और घायल हो गए। इनमें मुरादाबाद के मूंढापांडे से आए 55 वर्षीय भगवानदास डूबने लगे। उन्हें डूबते देख लोगों ने शोर मचाया, नासिर अली, साबिर अली, फैजान और जीशान नदी में कूद गए। गोताखोंरों ने उन्हें बचाया। इस प्रयास में नासिर अली जख्मी भी हो गया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि अस्थायी पुल पर ठेकेदार द्वारा मनमाना शुल्क वसूला जा रहा था। नदी पार करने के लिए प्रशासन को अपनी ओर से पुल बनवाना चाहिए था। उस पर कोई शुल्क निर्धारित होना चाहिए था। याद रहे कि पिछले वर्ष भी गंगा स्नान पर अस्थायी लकड़ी का पुल टूट गया था, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई थी।