पुलिस ने तस्कर से बरामद किए 35 कछुए, भेजा जेल
बाइक के कागज नहीं होने पर की सीज
जागरण संवाददाता, दढि़याल : रविवार की सुबह चेकिग के दौरान पुलिस ने तस्करी के लिए लेकर जा रहे 35 कछुओं संग आरोपित को पकड़ लिया। वह बाइक पर सवार था। उसकी पीठ पर पिट्ठू बैग में कछुए भरे हुए थे। बाइक के कागज नहीं होने पर पुलिस ने उसे भी सीज कर दिया। आरोपित के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
रविवार तड़के तीन बजे चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह, अतीक अहमद, चालक राजेश कुमार तथा अंजू कुमार मुख्य तिराहे पर थे। सूचना मिली कि टांडा की ओर से बाइक से व्यक्ति कछुओं को तस्करी के लिए ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। उसकी धड़पकड़ की योजना बनाई। टांडा की दिशा से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को देख वह सकपका गया। मुख्य तिराहे से कच्चे मार्ग की दिशा में बाइक को मोड़ कर भागने लगा। भागते हुए पुलिस ने उसको पकड़ लिया। उसकी पीठ पर पड़े पिट्ठू बैग में 35 कछुए भरे थे। पुलिस के नाम पूछने पर उसने अपना नाम जनपद उधम सिंह नगर थाना दिनेशपुर के गांव राधकांतपुर निवासी उत्तम कुमार पुत्र स्वर्गीय ईश्वर नारायण मंडल बताया। पुलिस ने बाइक के कागजात तथा कछुए बेचने की परमिशन संबंधी कागजात मांगे, लेकिन वह नहीं दिखा सका। पुलिस ने बाइक सीज करके आरोपित के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सभी कछुए जीवित हैं।