पुलिस ने 32 घंटों में ही खोज निकाला भाजपा नेता का कीमती कुत्ता
पुलिस ने भाजपा नेता के चोरी गए कुत्ते को 32 घंटों के अंदर ही खोज कर उनके हवाले कर दिया।
बिलासपुर : पुलिस ने भाजपा नेता के चोरी गए कुत्ते को 32 घंटों के अंदर ही खोज कर उनके हवाले कर दिया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
तहसील में अलग-अलग प्रजातियों के कुत्ते पाले जाने का ट्रेंड बना हुआ है। तमाम लोग जर्मन शेफर्ड, बेल्जियम बुलडाग, रोडविलर, लेब्रा, पामेलियन, सेंट बार्नल्ड, पग और रामपुरी हाउंड सहित विभिन्न प्रजातियों के कुत्ते पाल रहे हैं। ये प्रजातियां काफी महंगी होती हैं तथा इन्हें पंजाब, हरियाणा आदि से खरीद कर लाया जाता है। भाजपा नेता एवं केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समिति के चेयरमैन संतोख सिंह खैहरा के अनुसार वह पंजाब से 50 हजार रुपये में लेब्रा डाग खरीद कर लाए थे। मंगलवार की रात कुछ लोग उसे चुरा ले गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका पता नहीं लग पाया तो पुलिस को तहरीर देकर उसे बरामद करने की मांग की। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को उठाकर पूछताछ की। अंतत: गुरुवार को उसे बरामद कर लिया गया।