पटवाई के दो दोस्तों ने बढ़ाया रामपुर का मान, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में रामपुर के पटवाई गांव के आकाश यादव और रोहन देव की स्वच्छता मुहिम की सराहना की।

जागरण संवाददाता, रामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में एक बार फिर रामपुर जिले का जिक्र किया। माह अप्रैल वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री ने पटवाई के अमृत सरोवर तालाब की सराहना की थी और अब पटवाई गांव के दो दोस्तों आकाश यादव और रोहन देव द्वारा चलाई जा रही स्वच्छता की मुहिम को सराहा है। उनके कार्य की तस्वीर को अपने एक्स एकाउंट पर भी पोस्ट किया है।
रविवार को प्रसारित मन की बात के 137वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के दो दोस्त आकाश और रोहन ने देखा कि उनके आसपास का इलाका गंदगी से भर गया है। फिर क्या था, उन्होंने कचरे के बैग उठाए और सफाई के लिए निकल पड़े।

धीरे-धीरे दूसरे युवा भी उनके साथ जुड़ने लगे। एक टीम भी बन गई, जिसका नाम है क्लीन अप पटवाई। ये युवा अब तक चार गंगा घाटों को साफ कर चुके हैं और सार्वजनिक स्थलों से एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा साफ किया है।
प्रधानमंत्री के मुंह से अपने काम की तारीफ सुनकर दोनों दोस्त गदगद हैं। साल भर पहले ही स्वच्छता को लेकर शुरू की गई मुहिम का यह असर होगा, उन्होंने कभी सोचा नहीं था।
रोहन बताते हैं कि हमारा काम अधिकारियों की नजर में आने लगा था, यह तो जान गए थे, लेकिन प्रधानमंत्री इसकी सराहना करेंगे, कभी नहीं सोचा था। रोहन ने बताया कि उनकी इस मुहिम की शुरुआत एक साल पहले हुई थी।
पटवाई में राजकीय इंटर कालेज सराय और किसान सहकारी समिति के पास लोग गंदगी फेंक देते थे, जिससे वहां गंदगी के ढेर लग गए थे। हमने उसके वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाले, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। तब हम दोनों दोस्तों ने प्रधान के पुत्र जुनैद की मदद से खुद ही गंदगी हटाने का फैसला लिया।
ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंच गए और वहां से गंदगी हटाकर पौधे लगा दिए। यह पहली शुरुआत थी। इसके बाद हमारे साथ युवाओं की टीम बनी। टीम में 10-12 सदस्य हैं। हमने कोसी और रामगंगा नदी के घाटों की सफाई का फैसला लिया। मदारपुर घाट, मंसूरपुर घाट और कोसी नदी के घाटमपुर घाट की सफाई की।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कोसी पुल पर भी लोग नदी में फूल आदि प्रवाहित करते थे और वहां पुल की रैलिंग पर पन्नी बांध देते थे। उन पन्नी को भी हमारी टीम ने खोलकर साफ किया। सावन माह के समाप्त होने पर हमने रठौंडा शिव मंदिर में बने सरोवर की सफाई कर काफी प्लास्टिक कचरा निकाला था।
रोहन ने बताया कि उनके पिता गौसम सिंह यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं और पिता भी समाजसेवा कार्य में रहते हैं। वह स्नातक कर चुके हैं और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
नमामि गंगे के तहत दोनों के नाम भेजे गए थे। दोनों युवकों के उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर उनका चयन किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा अपने मन की बात कार्यक्रम में दोनों युवकों का नाम लिया जाना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे अन्य युवाओं को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
-अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी
शहर विधायक भी कर चुके सम्मानित
क्लीन अप पटवाई टीम को चार माह पहले शहर विधायक आकाश सक्सेना ने भी सम्मानित किया था। उन्हें सफाई कार्य से संबंधित जरूरी सामान भी मुहैय कराया था। विधायक का कहना है कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री ने हमारे जिले के युवाओं के कार्य की सराहना की है।
