महिला डिग्री कॉलेज में पिकी ने जीती फर्राटा
महिला डिग्री कॉलेज में पिकी ने जीती फर्राटा
जागरण संवाददाता, रामपुर : राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे दो दिवसीय वार्षिक समारोह के अंतिम दिवस विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि आजकल खेलों में भी बहुत स्कोप है। इन्हें करियर के रूप में अपना कर युवा प्रसिद्धि के साथ-साथ अच्छी कमाई भी कर सकते हैं। यदि खेलों में भविष्य बनाते हैं तो देश विदेश में उनके महाविद्यालय का नाम भी रोशन होता है। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नगेंद्र पाल ने समारोह की आख्या प्रस्तुत की। उसके बाद प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं। चार सौ मीटर दौड़ में आरती प्रथम रहीं। दूसरा स्थान बबिता तथा तीसरा स्थान नीतू को मिला। सौ मीटर की फर्राटा दौड़ पिकी ने जीती। आरती दूसरे व प्रीति गंगवार तीसरे स्थान पर रहीं। चक्का फेंक प्रतियोगिता बुशरा ने जीती। मोनिका कुमार दूसरे तथा इकरा रईस तीसरे स्थान पर रहीं।
दो सौ मीटर दौड़ में आरती पहले, पिकी दूसरे तथा प्रीति तीसरे स्थान पर रहीं। भाला फेंक में नेहा सागर ने बाजी अपने नाम की। मनीषा सागर को दूसरा तथा बुशरा को तीसरा स्थान मिला। लंबी कूद की विजेता आरती रहीं। नीतू को दूसरा व प्रीति को तीसरा स्थान दिया गया। आठ सौ मीटर दौड़ आरती ने जीती। पिकी दूसरे व कुसुम तीसरे स्थान पर रहीं। ऊंची कूद में नैंसी प्रथम, प्रीति द्वितीय व नीतू तृतीय स्थान पर रहीं। हैमर थ्रो प्रतियोगिता बुशरा ने जीती। नाजिया को दूसरा व नेहा सागर को तीसरा स्थान मिला। अंत में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रजनी रानी अग्रवाल ने उन्हें शुभकामनायें दीं। डॉ. सबीहा परवीन, डॉ. रजिया परवीन, डॉ. सुनीता अग्रवाल, डॉ. सुनीता जायसवाल, डॉ. मनोरमा, डॉ. अनीता कनौजिया व डॉ. शुत्रुजीत आदि रहे।