रामपुर में हलाला के नाम पर जेठ ने किया दुष्कर्म, चार के खिलाफ रिपोर्ट
रामपुर में गांव की युवती के साथ निकाह का झांसा देकर अकील अहमद काफी समय तक दुष्कर्म करता रहा। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। युवक ने शादी से इन्कार कर दिया।
रामपुर (जेएनएन)। सूबे में हलाला के नाम पर दुष्कर्म के मामले सामने आते जा रहे हैं। अब नया मामला रामपुर से सामने आया है, जहां पर जेठ ने अपने छोटे भाई की बेगम के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने जेठ समेत चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर में गांव की युवती के साथ निकाह का झांसा देकर अकील अहमद काफी समय तक दुष्कर्म करता रहा। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। युवक ने शादी से इन्कार कर दिया, जिस पर युवती ने परिवार को सारी बात बताई। तब पंचायत के दबाव में 27 फरवरी 2018 को निकाह कराया गया। पति अकील अहमद, जेठ हाफिज जलीस, दूसरा जेठ कफील, जेठानी अकलूम जहां, ससुर हाजी शराफत, नन्द नईम जहां निकाह से खुश नहीं थे।
इसके बाद ससुरालियों ने उसे प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। पति ने नौ मई 2018 को पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर घर से निकालने लगे।
पीडि़ता ने तलाक मानने से इन्कार कर दिया। तब पति ने पुन: निकाह करने का वादा किया तो उसके बाद लोगों ने धोखे से गर्भपात की दवा पिला दी। गर्भपात होने के बाद वह पति के साथ रहने की जिद कर ससुराल में ही डटी रही। इस दौरान पति अचानक घर से गायब हो गया, जिस पर ससुरालियों ने जेठ हाफिज जलीस के साथ हलाला करने के बाद अकील से निकाह कराने का वादा किया। इस पर उसने इन्कार कर दिया, लेकिन ससुरालियों ने 22 जून को जेठ को हलाला करने के लिए उसके पास भेज दिया। तब उसने कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला पति से निकाह का इन्तजार करती रही, लेकिन पति घर नहीं लौटा। इस पर महिला का धैर्य जवाब दे गया।
इस प्रकरण के बाद पीडि़ता ने मामले की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने पीडि़ता को टरका दिया। शनिवार को महिला ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपा। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।