कोरोना काल में 250 रुपये तक महंगा हुआ आक्सीजन सिलेंडर
कोरोना के मरीजों की तादाद बढ़ने का असर ऑक्सीजन सिलेंडर।
जागरण संवाददाता, रामपुर : कोरोना के मरीजों की तादाद बढ़ने का असर ऑक्सीजन सिलेंडर पर पड़ने लगा है। ऑक्सीजन की खपत बढ़ गई है, जिसके सापेक्ष आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते सप्लायर ने दाम बढ़ा दिए हैं। 350 रुपये में मिलने सिलेंडर अब 600 रुपये कीमत में मिल रहा है। इससे उपभोगकर्ता परेशान हैं। देश भर में कोरोना के मरीजों की संख्या अब तेजी से बढ़ने लगी है। इसके चलते सरकार ने हॉस्पिटल के अलावा होटलों में भी मरीजों को आइसोलेशन की सुविधा दी है। इसके अलावा होम आइसोलेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे में उन मरीजों को दिक्कत हो रही है, जिन्हें सांस लेने में परेशानी होती है। उन्हें 24 घंटे ऑक्सीजन लगानी पड़ रही है। इसके लिए गैस सिलेंडर की जरूरत पड़ रही है, लेकिन कमी के चलते सिलेंडर हाथ नहीं आ रहे हैं। ऑक्सीजन की खपत बढ़ने से सप्लाई प्रभावित होने लगी है। इसका असर उन लोगों पर भी पड़ रहा है, जो इस कारोबार से जुड़े हैं। सप्लायर से लेकर बेल्डिग करने वाले तक परेशान हैं।
दुकानदार शरीफ अहमद बताते हैं कि पहले ऑक्सीजन का सिलेंडर 250 रुपये तक मिल जाता था। कोरोना काल में उसकी कीमत लगातार बढ़ रही है। पहले 300 रुपये का हुआ। इसके बाद 350 और अब तो 500 से 600 रुपये तक में मिल पा रहा है। इतना महंगा सिलेंडर लेने से हमारी औसत भी नहीं निकल पा रही है। वेल्डिग के अगर ज्यादा पैसे मांगों तो ग्राहक देने में आनाकानी करता है।
ऑक्सीजन सिलेंडर के सप्लायर सूफियान का कहना है कि वह ऑक्सीजन की दिक्कत तो है, लेकिन मेडिकल सिलेंडर मिल रहे हैं। उनकी सप्लाई अस्पतालों में है। फैक्ट्री से मेडिकल के लिए तो सिलेंडर मिल रहे हैं, लेकिन इंडस्ट्रीज के लिए नहीं मिल पा रहे हैं। पहले रोजाना 20 सिलेंडर की सप्लाई थी, लेकिन अब 12 से 15 रह गई है।