विपक्षी दल मासूम लोगों के कंधे पर रखकर चला रहे बंदूक : नकवी
विपक्षी दल मासूम लोगों के कंधे पर रखकर चला रहे बंदूक नकवी
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हैं। मासूम लोगों के कंधे पर रखकर बंदूक चला रहे हैं, जबकि इस कानून में किसी की नागरिकता छीनने का प्रावधान नहीं है।
नवाबगंज गांव स्थित मीरी पीरी खालसा एकेडमी में हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के अंतिम दिन बतौर मुख्यातिथि शामिल होने पहुंचे कैबिनेट मंत्री का जोरदार स्वागत हुआ। यहां केंद्रीय मंत्री ने सीएए को लेकर शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन पर भी चर्चा की। समारोह को संबोधित करने के साथ ही मीडिया से भी बात की। कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा सबका साथ सबका विकास के एजेंडे पर काम किया है। शाहीन बाग में धरने पर बैठे लोग सच्चाई और हकीकत को जानें। विपक्षी पार्टियां उन्हें भ्रमित कर वोट बैंक की राजनीति करने में लगी हैं। कहा कि किसी भी विदेशी नागरिक को अगर भारत की नागरिकता चाहिए तो उसे भी भारत की नागरिकता दी जाएगी। इससे पहले उसे कागजी प्रक्रिया से गुजरना होगा, तभी उसे नागरिकता मिल सकेगी। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने मंच से मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं समेत शिक्षकों को सम्मानित किया। वहीं विद्यालय की कमेटी द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
इस मौके पर प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बल्देव औलख ने कहा कि इस तरह के खेलों का आयोजन क्षेत्र में होते रहना चाहिए, ताकि खेलों को बढ़ावा मिल सकें। ग्रामीण क्षेत्रों के युवा देश-विदेश में भारत का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम कर रही है। केंद्र सरकार ने खेलों का बजट भी बढ़ाया है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह,भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहनलाल सैनी, मोहन कुमार लोधी, कुलवंत सिंह औलख, ख्यालीराम लोधी, मेजर सिंह, कर्नल गुरदेव सिंह, डोली रंधावा, भारत भूषण गुप्ता, सुभाष भटनागर, धर्मवीर मित्तल, प्रमोद जौहरी, संतोष सिंह खैरा, रवि यादव, हरजिदर सिंह, हरवंश सिंह तनेजा, चित्रक मित्तल, अमृतपाल सिंह गिल हैप्पी, अर्जुन सिंह गिल, गुरजीत सिंह गिल, मनजीत सिंह अटवाल, दलजीत सिंह, चेतन पारूथी आदि मौजूद रहे। कबड्डी ने दिलाई मुझे बचपन की याद
बिलासपुर : केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कबड्डी ने उनकी बचपन की यादों को ताजा कर दिया। उन्होंने बताया कि कबड्डी उनके बचपन का सबसे पसंदीदा खेलों में से एक रहा है। अपने बचपन के दिनों में उन्होंने खूब कबड्डी खेली है, जिसकी यादें आज ताजा हो गईं।