आजम जैसे लोगों का हो सामाजिक बहिष्कार : इंद्रेश
जागरण संवाददाता रामपुर संघ के राष्ट्रीय प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि मोहम्मद आजम खां ने भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के लिए अशोभनीय टिप्पणी कर उनका ही नहीं बल्कि सारी महिला जाति का अपमान किया है। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार कर देना चाहिए।
रामपुर : मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार ने कहा कि आजम खां ने भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के लिए अशोभनीय टिप्पणी कर उनका ही नहीं, बल्कि सारी महिला जाति का अपमान किया है। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार कर देना चाहिए।
मंगलवार को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पैगामे अमन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वतन से मुहब्बत करना ईमान का हिस्सा है। देश में रहने वाले हर इंसान को अपने देश से प्यार करना चाहिए। सबसे पहले राष्ट्रहित तथा उसके बाद राजनीति होना चाहिए। यही कारण है कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करता है। कहा कि हम महिलाओं का सम्मान करना जानते हैं तथा उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को उनकी भाषा में ही जवाब देना भी जानते हैं, लेकिन हमारे संस्कार हैं, जो हमें ऐसा करने से रोकते हैं। जिन लोगों में संस्कार नाम की चीज नहीं होती, वे ही ऐसी घटिया और ओछी हरकतें करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के प्रति शर्मनाक शब्दों का प्रयोग कर गठबंधन प्रत्याशी आजम खां ने अपने संस्कारों का परिचय दिया है। ऐसी सोच रखने वाले व्यक्ति का तो हर हाल में सामाजिक बहिष्कार कर देना चाहिए। प्रमुख राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल, राष्ट्रीय संयोजक शाहिद अख्तर, प्रदेश प्रभारी इस्लाम अब्बास, मौलाना कोकब, मुज्तबा बी, शाहीन परवेज, जहीर अहमद, इस्लाम खान, फैसल मुमताज, मोहम्मद नईम, अभय गुप्ता व शाह आलम आदि उपस्थित रहे।