नवरात्र के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने किया स्कंदमाता का पूजन
नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता के पूजन के लिए मंदिरों में भीड़ उमड़ी।
रामपुर : नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता के पूजन के लिए मंदिरों में भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने उपवास रखा और मंदिरों में जाकर माता के दर्शन कर विधि-विधान के साथ पूजन किया। मंदिरों में यज्ञ हुए, जिसमें विश्व कल्याण की भावना के साथ लोगों ने आहुतियां दीं।
मिस्टन गंज में अग्रवाल धर्मशाला स्थित मंदिर में दुर्गा देवी ज्वाला जी शक्ति दरबार के महंत पंडित विश्वनाथ प्रसाद मिश्रा ने विधि-विधान के साथ यज्ञ कराया, जिसमें जन कल्याण की भावना के साथ लोगों ने आहुतियां दीं। अंजुल कपूर, नीलम कपूर, ललित मोहन शर्मा, मुकेश, रामभरोसे लाल यादव, तिलक राज, चंद्रभान यादव, उमा खन्ना, ममता, तनुजा कपूर, आकाश कपूर, राजू आदि मौजूद रहे।
शक्तिपुरम कालोनी स्थित श्री त्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ मंदिर में माता श्री महात्रिपुरसुन्दरी के दर्शन करने को भक्तों की भीड़ उमड़ी। सभी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। आचार्य राधेश्याम शर्मा वासंतेय ने शक्तिपूजन और यज्ञ कराया, जिसमे विश्व कल्याण की भावना के साथ लोगों ने आहुतियां दीं। महिलाओं ने दोपहर में भजन कीर्तन कर माता का गुणगान किया। शाम को योग चर्चा हुई। पुराना गंज स्थित माई का थान मंदिर में यज्ञ और सप्तशती का पाठ हुआ। दोपहर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर माता का गुणगान किया।
रामनाथ कालोनी स्थित श्री आदि शक्ति मां भवानी माता के मंदिर में दुर्गा चालीसा, सप्तशती का पाठ हुआ।
इसके अलावा जिला पंचायत रोड स्थित शिव मंदिर, पुराना गंज स्थित हरिहर मंदिर, मुहल्ला छिपियान स्थित दुर्गा मंदिर, कृष्णा विहार स्थित कृष्णा मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, आवास विकास के मंदिर, पीडब्ल्यूडी कालोनी स्थित लोकेश्वर नाथ मंदिर, ज्वालानगर में वैद्य जी की धर्मशाला स्थित श्याम मंदिर, गर्वमेंट प्रेस के सामने शिव मंदिर, सिविल लाइंस रेलवे स्टेशन रोड स्थित मंदिर, बाबा लक्ष्मण दास की समाधि, नाग मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर आदि में भी पूजा-अर्चना को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने घरों में भजन-कीर्तन कर माता का गुणगान किया।