राज्यमंत्री ने ठेकेदार को पुल निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश
राज्यमंत्री ने ठेकेदार को पुल निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश
बिलासपुर : जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख ने मुख्य चौराहा स्थित निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर ठेकेदार से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। शनिवार की शाम छह बजे राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख मुख्य चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन पुल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि माह मार्च तक मुख्य चौराहे पर निर्माणाधीन पुल बनकर तैयार हो जाएगा। नगर में रोजाना लगने वाले जाम से नगरवासियों समेत यात्रियों से जाम की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। कहा कि उनके प्रयास से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र में तीन नए पुलों का निर्माण कराने की मंजूरी दे दी है। मिलक क्षेत्र में ऐनी-कल्याणपुर, गांव मनौना स्थित नदी पर सेतु निगम मुरादाबाद के माध्यम से पुल का निर्माण चालू हो गया है। इसकी लागत सात-सात करोड़ रुपये है। इसके अलावा गांव खानपुर-सुआ नगला के बीच कुल्ली नदी पर एक करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को कभी थमने नहीं दिया जाएगा। पूर्व ब्लाक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह खैहरा, क्रय-विक्रय के सभापति रवि यादव, जिला मंत्री चित्रक मित्तल, सुखदेव सिंह औलख, सौरभ वशिष्ठ आदि मौजूद रहे। जासं