स्वार में भी आज से खुलेंगे बाजार
स्वार में भी आज से बाजार खुलेंगे।
रामपुर, जेएनएन। स्वार में एसडीएम ने व्यापार मंडल व दुकानदारों से वार्ता कर लॉकडाउन एवं शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक दुकानें खोलने के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों ने महीनों से बंद पडीं दुकानों के ताले खोलकर साफ सफाई की।
शुक्रवार शाम एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार रणविजय सिंह व कोतवाल रूम सिंह बघेल ने व्यापार मंडल व दुकानदारों को वार्ता के लिए कोतवाली परिसर में बुलाकर वार्ता की। चाट, पकौड़ी, मिष्ठान, सैलून की दुकानें बंद रहेंगी।
सैफनी : करीब 64 दिन बीतने पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से दुकानें खोलने की अनुमति मिलने के बाद कस्बे के मुख्य बाजार की दुकानें खोल दी गईं। एक बार फिर बाजारों में रौनक लौट आई और शांत पड़े बाजार एक बार फिर से गुलजार दिखाई दिए। सारा दिन लोग बाजारों में सामान खरीदने के लिए जुटे रहे।
दढि़याल : एसडीएम टांडा गौरव कुमार ने बैठक कर लोगों से शारीरिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजर का पालन करने का आहवान किया। दुकानों को सम और विषम संख्या के आधार पर खोलने का प्रयास किया जा रहा है। दुकान खोलने का समय सुबह दस से शाम छह बजे तक का रहेगा। वह काशीपुर मार्ग पर ग्रामीणों व कस्बे के दुकानदारों को संबोधित कर रहे थे।