सपा एमएलसी के घर पहुंचे भाजपा के नेता
सपा एमएलसी के घर पहुंचे भाजपा के नेता
जागरण संवाददाता, रामपुर : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी त्यागी और जलशक्ति राज्यमंत्री बल्देव औलख समेत कई भाजपा नेता बुधवार को समाजवादी पार्टी के एमएलसी घनश्याम सिंह के घर पहुंच गए। वहां चल रही ग्राम प्रधानों की बैठक में शामिल हुए और भाजपा का समर्थन करने की अपील की। इसपर प्रधानों ने भाजपा का समर्थन करने का ऐलान कर दिया।
बुधवार को रोशन बाग में तमाम भाजपा नेता पहुंचे। ग्राम प्रधानों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। श्री त्यागी ने मुंडिया खेड़ा के ग्राम प्रधान धर्म सिंह, पसियापुरा के प्रधान भारत सिंह यादव, अहमद नगर थेगा के विनोद यादव, बकैनिया के पदम सिंह, लदौरा के कृष्णपाल, बिजेंद्र सिंह यादव, भरतपाल लोधी, अशर्फी लाल, पंचम ठाकुर, अनिल ठाकुर, अखिलेश कुमार, जयशंकर यादव, सुरेश सिंह, दीप चंद आदि को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने कहा कि आप सभी का भाजपा में स्वागत है। इसमें किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। सभी भाजपा के अभिन्न अंग हैं। सभी भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जी-जान से जुट जाएं। एटा के विधायक विपिन वर्मा ने सभी से भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को भारी मतों से जिताने की अपील की। भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता ने सभी से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने आप को प्रत्याशी मानते हुए चुनाव लड़ाएं। इस मौके पर राज्य मंत्री बलदेव औलख, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ.चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी, देवेंद्र सिंह, डीके शर्मा, जगपाल यादव, हंसराज पप्पू, राजू कालरा, छत्रपाल यादव आदि मौजूद रहे। एमएलसी श्री लोधी ने बताया कि उनके आवास पर भाजपा नेता आए थे। प्रधानों ने भाजपा को समर्थन दिया, लेकिन अभी हमने भाजपा ज्वाइन नहीं की है।