रिटायर्ड सूचना अधिकारी ने नौकरानी की गोली मारकर की हत्या
स्वार (रामपुर) काम पर न आने पर रिटायर्ड सूचना अधिकारी ने नौकरानी को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
स्वार (रामपुर) : काम पर न आने पर रिटायर्ड सूचना अधिकारी ने नौकरानी को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने घटना स्थल का जायजा लिया। मृतक महिला के पति की ओर से आरोपित के खिलाफ पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली के गांव गद्दीनगली का मझरा छिद्दावाला निवासी जगरेश सिंह की 40 वर्षीय पत्नी हुरवती रिटायर्ड सूचना अधिकारी सोमपाल सिंह के घर साफ-सफाई का काम कर बच्चों का पालन पोषण करती थी। दो दिन से वह उसके घर पर काम करने नही गई। इस पर नाराज सोमपाल सिंह ने महिला को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व एक खाली खोखा बरामद किया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। मृतका का पति जगरेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि सोमपाल सिंह शुक्रवार की रात उसकी पत्नी को बुलाने आया था। देर होने के कारण उसने उसके साथ जाने से मना कर दिया। आरोपित ने महिला के घर के दरवाजे की कुंडी काफी खट खटाई, लेकिन दरवाजा नही खोला, जिससे क्षुब्ध होकर वह वापस अपने घर चला गया। शनिवार की सुबह इसी बात को लेकर वह फिर घर आ गया और उसकी पत्नी से गाली-गलौच करने लगा। महिला ने इसका विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गया। मारपीट देख उसकी बेटी नीलू बचाने आई तब उसने अपनी अंटी से तमंचा निकालकर उसके सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और महिला हुरवती के सिर से सटाकर गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी आ गए तब तक आरोपित अन्य स्वजनों को भी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई। सीओ धर्मसिंह मार्छाल व कोतावल रुम सिंह बघेल ने घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। मृतक महिला के पति की ओर से सोमपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल ने बताया की आरोपित को हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला के पति की ओर से आरोपित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। हत्यारोपित घर में रहता था अकेला
हत्या आरोपित तीन वर्ष पूर्व बरेली से सूचना अधिकारी के पद से रिटायर्ड होकर गांव में रह रहा था। बताते हैं कि उसकी तीन पत्नियां थी दो पत्नियों को पहले ही छोड़ चुका है। एक पत्नी अपने बेटे को लेकर मायके चली गई है। घर पर अकेला रहता था। रोटी व साफ सफाई के चलते गांव की महिला को नौकरी पर रख लिया था। घर के काम से मना करने पर मौत के घाट उतार दिया। घर में अकेली कमाने वाली थी हुरवती
पति की टांग टूटने के कारण हुरवती अपनी दो बेटियों व एक बेटा का मेहनत मजदूरी कर पालन पोषण करती थी। अब हुरवती की मौत के बाद उसके बच्चों का कौन पालन पोषण करेगा। यही चर्चा ग्रामीणों में बनी है। बच्चे भी मेहनत मजदूरी करने लायक नही है। मृतका के बच्चों का रोते रोते बुरा हाल है।