Move to Jagran APP

नोटिस जारी होने से भड़के कांग्रेसी, सोनिया और प्रियंका को लिखा पत्र

नोटिस जारी होने से भड़के कांग्रेसी सोनिया और प्रियंका को लिखा पत्र

By JagranEdited By: Published: Tue, 10 Sep 2019 10:59 PM (IST)Updated: Tue, 10 Sep 2019 10:59 PM (IST)
नोटिस जारी होने से भड़के कांग्रेसी, सोनिया और प्रियंका को लिखा पत्र
नोटिस जारी होने से भड़के कांग्रेसी, सोनिया और प्रियंका को लिखा पत्र

जागरण संवाददाता, रामपुर : सपा मुखिया अखिलेश यादव का विरोध जताने पर जारी नोटिस से स्थानीय कांग्रेसियों में नाराजगी है। उन्होंने अपनी इस नाराजगी से सोनिया गांधी से लेकर प्रियंका वाड्रा, राहुल गांधी आदि शीर्ष नेताओं को अवगत कराया है। उन्होंने पत्र में अपना पक्ष रखा है। साथ ही अनुशासनहीनता का नोटिस जारी करने वालों को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है और ऐसे नेताओं को पार्टी का अहित करने वाला बताया है। कांग्रेस पार्टी को दल बदलू नेताओं से खतरा

loksabha election banner

रामपुर : कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल लाला ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश में 30 वर्षो से कांग्रेस हाशिये पर है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि प्रदेश के कुछ दल बदले नेता। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी कांग्रेस का वोट लेकर वजूद में आईं हैं। इन दोनों पार्टियों को सींचने का काम कांग्रेस के कुछ नेता लंबे समय से करते चले आ रहे हैं। जब भी सपा या बसपा प्रदेश में सत्ता पर काबिज होती हैं, तब लखनऊ में बैठे कांग्रेस के नेताओं को सरकारी घर और सरकारी ठेकों से लेकर सारी सहूलतें दी जाती हैं। बदले में कांग्रेस के नेता इन दोनों दलों को फायदा पहुंचाने के लिए अधिकतर सीटों पर डमी प्रत्याशी उतारने की सिफारिश आला कमान से करते हैं। इस कारण ही देश की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी पार्टी इतने वर्षों से प्रदेश में नहीं पनप पा रही है। कहा है कि प्रदेश में जहां भी कांग्रेस के उभरते हुए नौजवान सामने आते हैं, वहां कुछ दल-बदलू प्रवृत्ति के नेता उन नौजवानों को मिटाने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही एक उदाहरण मैं खुद हूं। मैं जन्म से कांग्रेसी हूं और आजम खां के जुल्मों के खिलाफ मजलूम जनता की लड़ाई लड़ रहा हूं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हें बचाने के लिए रामपुर आकर धरना देना चाहते थे। हमने पीड़ित परिवारों के साथ उन्हें ज्ञापन देने का कार्यक्रम बनाया था। इस पर उन्होंने हमारी ही पार्टी के कुछ नेताओं का इस्तेमाल करके अपने दौरे से पहले हमें नोटिस दिलवा दिया। कहा है कि हो सकता है कि इस पत्र के बाद पार्टी मुझे तत्काल निष्कासित कर दे, लेकिन यह वह कड़वी सच्चाई है जो आप तक नही पहुंचती। मांग की है कि वह पार्टी में रहें या नहीं, पार्टी को ऐसे नेताओं से बचा लिया जाए। अनुशासनहीनता का नोटिस जारी करने वालों को निष्कासित करने की मांग

रामपुर : युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नोमान खां ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पत्र लिखा है। कहा है कि जनपद में समाजवादी पार्टी के शासन में केवल कांग्रेस नेताओं के ऊपर फर्जी मुकदमे लिखवा कर जेल भेजा गया था। उस समय पार्टी के बड़े नेताओं से यहां के नेता और कार्यकर्ता मदद मांगते थे, लेकिन वे कभी भी उनकी मदद करने आगे नहीं आए। ये तथाकथित बड़े नेता सपा और बसपा से हाथ मिलाकर छोटे कार्यकर्ताओं को पिटवाते थे। सपा शासन में रामपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर सताया गया। आज जब यहां के कार्यकर्ता अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं, तब फिर से ये लोग सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से हाथ मिलाकर उनका साथ देने में लगे हैं। यही कारण है कि प्रदेश में संगठन का उदय नही हो पा रहा है। कांग्रेस आखिर कब तक आस्तीन के सांप की तरह सपा और बसपा को पालेगी। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान हाल में ही कांग्रेस में आए नेताओं ने खुलकर सपा का चुनाव लड़ाया था। हकीकत यह है कि उन्होंने गुपचुप ढंग से आजम खां से हाथ मिला रखा है। अंत में कहा है कि जिन लोगों ने अनुशासनहीनता के नोटिस जारी किए हैं उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.