नहीं पकड़ा जा सका तेंदुआ, बरेली और मुरादाबाद के अफसरों ने भी डाला डेरा, प्रभागीय वन अधिकारी के साथ मौके पर जाकर किया निरीक्षण
जागरण संवाददाता रामपुर राज्यमंत्री बलदेव औलख के आवास के पास दो बार दिखाई दिया तेंदुआ वन
जागरण संवाददाता, रामपुर : राज्यमंत्री बलदेव औलख के आवास के पास दो बार दिखाई दिया तेंदुआ वन विभाग के लिए मुसीबत बन गया है। वन विभाग की तमाम कोशिश के बाद भी तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की दहशत ने विभागीय अधिकारियों की भी नींद उड़ा दी है। शुक्रवार को बरेली और मुरादाबाद के अफसर भी यहां पहुंच गए। बरेली से आए मुख्य वन संरक्षक ललित वर्मा और मुरादाबाद से आए वन संरक्षक जावेद अख्तर ने प्रभागीय वन अधिकारी राजीव कुमार के साथ राज्यमंत्री के आवास के आसपास उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां तेंदुआ देखा गया था। प्रभागीय वन अधिकारी से अब तक तेंदुआ पकड़ने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने उच्चाधिकारियों को बताया कि ड्रोन कैमरे से आसपास के इलाके की निगरानी की गई। इसके अलावा पिजरा भी लगा दिया है। दोनों अफसर वहां भी गए, जहां पिजरा लगाया गया था। बाद में अधिकारियों ने आसपास रहने वाले लोगों से भी बात की। प्रभागीय वन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि लोगों से बातचीत से पता चला है कि तेंदुआ पिछले तीन दिन से यहां दिखाई नहीं दिया है। इससे लगता है कि वह इस क्षेत्र से दूर चला गया है। हालांकि हमारी ओर से पूरी सतर्कता बरती जा रही है। एक टीम निगरानी में लगी है। गौरतलब है कि तेंदुआ पिछले दस दिन में दो बार देखा जा चुका है। सबसे पहले वह 16 सितंबर की रात को गोवन कालोनी में दिखाई दिया था। इसके बाद 20 सितंबर को उसे सीमेंट फैक्ट्री की दीवार पर बैठे देखा गया। कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इससे पूरे शहर में तेंदुए की दहशत फैल गई है।