बच्चों के विवाद में चले लाठी-डंडे, बसपा नेता समेत पांच घायल
रामपुर बच्चों के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। लाठी-डंडे चल गए।
रामपुर : बच्चों के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। लाठी-डंडे चल गए। घटना में बसपा नेता समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना शहजादनगर थाना क्षेत्र के मोमिनपुर अहमदाबाद गांव की है। यहां रहने वाले नरेश गौतम बसपा के पूर्व विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हैं। शनिवार शाम चार बजे उनके बच्चों का पड़ोसी अमर सिंह के बच्चों से विवाद हो गया। इसके बाद पड़ोसी शिकायत करने उनके घर आ गए। यहां बड़ों के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों पक्षों के लोग आ गए और लाठी-डंडे चल गए। बसपा नेता, उनकी पत्नी ब्रजेशवती, मां शकुंतला देवी, भाई नवीन और बेटा निखिल घायल हो गए। उन्होंने थाने में तहरीर देकर पड़ोसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग है। उधर, बाद में दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया और बसपा नेता पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। शहजादनगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।