पंचायत में किसानों की समस्याओं पर की चर्चा
पंचायत में किसानों की समस्याओं पर की चर्चा
रामपुर : भारतीय किसान यूनियन की पंचायत आंबेडकर पार्क में हुई। इसमें राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनीफ वारसी ने कहा कि स्वार तहसील में बरसात से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इसको लेकर सर्वे करवाने के बाद किसानों को नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों ने कृषि बीमा के नाम पर किसानों को खूब चूना लगाया है। किसानों से अरबों रुपये की कमाई करने के बाद जब बीमा देने की बात आई तो कोई कंपनी नजर नहीं आ रही। शासन व प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़कें जर्जर स्थिति में हैं, इससे किसानों को अपना धान क्रय केंद्र तक ले जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इनकी मरम्मत किया जाना बहुत जरूरी है। इसके साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों को हो रही समस्या के विषय में भी चिता व्यक्त की।
कहा कि केंद्रों से किसानों को धान गीला बता कर लौटाया जा रहा है। इसके चलते किसानों को मजबूरन बिचौलियों को धान बेचना पड़ रहा है। उन्होंने समस्याओं का निदान कराने की मांग की है। कामरान खां, हरताल सिंह, जगतार सिंह, जमुना प्रसाद व अमीर अहमद आदि रहे।