रोजेदारों के लिए फायदेमंद है खजूर
रामपुर : रमजान माह शुरू होते ही खजूर की डिमांड बढ़ गई है। दरअसल खजूर से रोजा खोलना
रामपुर : रमजान माह शुरू होते ही खजूर की डिमांड बढ़ गई है। दरअसल खजूर से रोजा खोलना सुन्नत है, इसलिए प्रत्येक रोजेदार चाहता है कि वह खजूर से ही रोज खोले। खजूर न होने पर पानी से भी रोजा खोल सकते हैं। अल्लाह के रसूल भी खजूर से रोजा खोलते थे। इसीलिए खजूर से रोजा खोलना सुन्नत है।
खजूर सेहत के लिए भी फायदेमंद है। यही कारण है कि शहर में फलों की दुकानों पर फलों के साथ ही कई किस्म के खजूर मौजूद हैं। खजूर बहुत सॉफ्ट होता है जो आसानी से पच जाता है। खजूर से पाचन क्रिया भी दुरूस्त होती है। रमजान में ज्यादातर रोजेदारों को पाचन की समस्या होती है, क्योंकि रमजान में खाने का समय बदल जाता है। रोजेदार दिनभर भूखे होने के कारण इफ्तार में ज्यादा खाना खा लेते हैं, जिससे उन्हें परेशानी होती है। शौकत रोड स्थित दुकानदार असलम ने बताया कि बाजार में इस समय आठ से नौ प्रकार की खजूर मौजूद है। यह खजूर खासतौर पर रमजान के कारण बाहर से आता है। बाजार में 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की खजूर की बिक्री हो रही है। इस समय गल्फ कंट्री की खजूर की डिमांड ज्यादा है। ज्यादातर ईरान और ईराक से खजूर आ रही है। रमजान से पहले खजूर की डिमांड ज्यादा नहीं होती है। रमजान का पाक महीना आते ही खजूर की बिक्री तेज हो गई है। असलम का कहना है कि रमजान से पहले उनसे एक दो ग्राहक ही खजूर खरीदते थे, लेकिन अब रोज 30 से 40 ग्राहक खजूर ले रहे हैं। रोजेदार अपनी हैसियत के हिसाब से खजूर की खरीदारी कर रहे हैं। जो अमीर हैं, वे अच्छी क्वालिटी का और ज्यादा खजूर खरीद रहे हैं, कम पैसे वाले सस्ते और कम खजूर खरीद पा रहे हैं।