जौहर यूनिवर्सिटी में लगी पाई-पाई का हिसाब लेंगे : आकाश
जौहर यूनिवर्सिटी में लगी पाई-पाई का हिसाब लेंगे आकाश
रामपुर : भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयोजक आकाश सक्सेना ने कहा कि सांसद आजम खां से जौहर यूनिवर्सिटी में लगी पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा। ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होने शुक्रवार को मीडिया से बात की। कहा कि आजम खां ने सपा शासनकाल में जो भी घोटाले किए थे, अब उसका सारा चिट्ठा सामने आ जाएगा। कहा है कि जौहर ट्रस्ट में किसी बाहरी व्यक्ति को शामिल नहीं किया गया है। इस ट्रस्ट में सिर्फ आजम खां के पारिवारिक सदस्य और करीबी शामिल हैं। आजम खां अध्यक्ष हैं तो उनकी पत्नी तजीन फात्मा सचिव हैं। निगहत अखलाक उनकी बहन हैं। दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला सदस्य हैं। आजम खुद आजीवन कुलाधिपति हैं। उनके बेटे विधायक अब्दुल्ला को जौहर विश्वविद्यालय का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नामित किया गया है। दो साल पहले ईडी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में आजम खां द्वारा किए गए भ्रष्टाचार का विस्तृत विवरण संलग्न कर साक्ष्य सहित जांच की मांग की गई थी। इस पर अब ईडी ने संज्ञान लेकर केस दर्ज कर लिया है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में आजम खां ने सत्ता का दुरुपयोग कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत विकास कार्यों का पैसा मंजूर कराकर उनका निवेश जौहर ट्रस्ट में कराया। सरकारी ठेकों के नाम से वसूली धनराशि को अपात्र लोगों के नाम से अपने ट्रस्ट के खातों में चंदे के रूप में जमा कराया गया। इसके अतिरिक्त कमीशन का पैसा हवाला के जरिए विदेशों में भेजकर उसे वापस ट्रस्ट के खातों में मंगवा कर गंभीर आर्थिक अपराध किया है। भाजपा नेता का दावा है कि जौहर ट्रस्ट के नाम पर 60 फीसद जमीन खरीदी गई है, जबकि 40 फीसद जमीन शत्रु संपत्ति, ग्राम सभा व सड़क आदि राजकीय संपत्ति है, जिस पर कब्जा किया है। उनके एक पारिवारिक मित्र पर 300 करोड़ की संपत्ति है, जो उसके, उसकी पत्नी और मां के नाम है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप