Keshav Prasad Maurya बोले, रामपुर में था आजम का आतंक, किसानों की जमीन कब्जा करके बनाई जौहर यूनिवर्सिटी
Keshav Prasad Maurya Visit Rampur उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में रामपुर में आजम खां का आतंक था। लोगों की जमीनों पर कब्जे होते थे। आजम खां ने किसानों की जमीन पर कब्जा कर जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है। यह किसी से छिपा नहीं है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। Keshav Prasad Maurya Visit Rampur : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में रामपुर में आजम खां का आतंक था। लोगों की जमीनों पर कब्जे होते थे। आजम खां ने किसानों की जमीन पर कब्जा कर जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है। यह किसी से छिपा नहीं है।
आजम खां बहा रहे घडि़याली आंसू
आज उन किसानों की जमीनें भाजपा सरकार ने वापस दिलाने का काम किया है। भाजपा सरकार ने आजम खां के आतंक को समाप्त करने का कार्य किया है। अब आजम खां घडियाली आंसू बहा रहे हैं। सपा सरकार में उनकी गिनती दंगा कराने वाले मंत्रियों में होती थी।
कुंभ मेले में लोग मर रहे थे, आजम खां बंगले में सो रहे थे
उपमुख्यमंत्री सोमवार को कोसी मंदिर रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के समर्थन जनसभा में बोल रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय कुंभ मेले का आयोजन हुआ था। तब आजम खां नगर विकास मंत्री थे। मेले के दौरान अचानक भगदड़़ मच गई थी, जिसमें काफी लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त आजम खां अपने बंगले में सो रहे थे।
सजा भुगतेगा कौन
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मैं कहीं पढ़ रहा था कि आजम खां कह रहे हैं कि आत्महत्या करना हराम है, नहीं तो मैं आत्महत्या कर लेता। उनके खिलाफ तो इतने मुकदमे हैं, इतनी जांचें चल रही हैं। तमाम मामलों में कोर्ट का फैसला आना बाकी है, सजा भुगतेगा कौन ?
सपाइयों का नारा था खाली प्लॉट हमारा है
आगे कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने ऐसा माहौल बना दिया था कि जैसे उनकी सरकार आ रही हो। अब वह जमाना गया कि धमकाकर, बूथ कब्जा करके और देख लेंगे कहकर किसी का कोई वोट ले सकता है। सपा सरकार में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार चरम पर था। उस वक्त सपाइयों का नारा था खाली प्लाट हमारा है। गरीब की जमीन, दुकान और प्लाट पर सपाइयों ने कब्जा किया।
आजम ने रामपुर के लोगों को खून के आंसू रुलाए
आजम खां ने सत्ता में रहते हुए हमेशा प्रशासन का दुरुपयोग किया है। प्रदेश में जब भाजपा की सरकार आई तो सारे अपराधियों पर कार्रवाई हुई। अपराधी या तो सही रास्ते पर आ गए या फिर जेल भेज दिए गए। आजम ने रामपुर के लोगों को खून के आंसू रुलाया है। अब आजम खां पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं।
सपा शासन में पुलिस अपराधी को नहीं आजम की भैंसों को खोजती थी
सपा की सरकार में पुलिस अपराधी को नहीं, बल्कि आजम खां की भैंसो को खोजती थी। अल्पसंख्यक समाज के लोग अब हमारे साथ आ रहे हैं। अब मुस्लिम समाज भी भाजपा की सबका साथ, सबका विकास और विश्वास के नाते भाजपा को वोट देने के लिए तैयार है। उनको पता है कि अन्य दलों ने सिर्फ ठगने का काम किया है।
भाजपा के साथ हैं रामपुर के मुसलमान
उत्तर प्रदेश की सरकार में राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि अब रामपुर के मुसलमान भाजपा के साथ आ रहे हैं। जिस हिसाब से मुस्लिम समुदाय भाजपा से जुड रहा है, उससे साफ है कि आने वाले समय में भाजपा बड़ी जीत की ओर आगे बढ़़ रही है।