बिलासपुर में नैनीताल रोड पर लगा जाम, बहनें रहीं परेशान
बिलासपुर (रामपुर) भैया दूज पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के चलते नैनीताल रोड पर जाम लग
बिलासपुर (रामपुर) : भैया दूज पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के चलते नैनीताल रोड पर जाम लग गया। भाइयों के तिलक करने जा रही महिलाएं भी इसमें फंस गई, जिसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था कर वाहनों को गुजारा।
सोमवार को भैया दूज के पर्व पर सुबह से ही हाइवे पर वाहनों का दबाव अधिक हो गया। इस कारण जाम लग गया। देखते ही देखते हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते पैदल यात्रियों का निकलना भी दूभर हो गया। भाई का तिलक करने जा रही बाइक सवार महिला शकुंतला देवी और सुशीला आदि जाम में फंस गईं। उन्होंने बताया कि वे घंटाभर जाम में फंसी रहीं। महिलाओं सहित यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नैनीताल रोड पर जाम लगने के कारण नगर के माटखेड़ा मार्ग, पुरानी तहसील रोड, सब्जी मंडी मार्ग, सिनेमा रोड, कैनाल मार्ग, पोस्ट ऑफिस मार्ग, केमरी तिराहा, अहरो तिराहा सहित आदि मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस द्वारा वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर वाहनों को गुजारा गया। दोपहर तक वाहनों का रेंग रेंगकर गुजरने का क्रम जारी रहा। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार यादव के मुताबिक भैया दूज के पर्व पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण तथा चालकों की लापरवाही के चलते जाम लग गया। जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात कर और वन-वे व्यवस्था कर जाम खुलवाया गया। टांडा में भी जाम में फंसी रही बहनें
टांडा-दढि़याल मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों के चलते पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इस दौरान मुरादाबाद-बाजपुर के यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं, भैयादूज के चलते बहनों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मार्ग पर अतिक्रमण का बुरा हाल है। इसके साथ ही लोगों द्वारा सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। सदर बाजार में सड़क किनारे दोनों ओर दुकानों के सामने रखा सामान जाम का प्रमुख कारण है। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल भी जाम का कारण बनते हैं। ये करीब तीन से पांच फिट तक दोनों ओर के रास्ते को तंग करते हैं। इनकी आड़ लेकर अतिक्रमणकारी मनमानी करते हैं। इस सबके कारण ही पूरे दिन जाम की स्थति बनी रहती है, जिसके चलते लोगों को रोजाना कई-कई घंटे परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को भी यह ही स्थिति लगभग पूरा दिन बनी रही। जाम के कारण भैयादूज पर भाइयों के पास जा रही बहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका में बोर्ड की बैठक में बिजली के इन खंभों को दोनों साइडों से हटाकर बीच में लगाने का प्रस्ताव भी पास हो चुका है। इससे एक ओर जहां ये डिवाइडर का काम करेंगे, वहीं जाम की समस्या भी हल होगी। नगर पालिकाध्यक्ष महनाज जहां का कहना है कि जाम की समस्या बने बिजली के पोल हटवाकर बीच में लगाकर डिवाइडर के रूप में काम लिया जाएगा। इससे जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।