दहेज की खातिर पति ने दिया तीन तलाक
दहेज की खातिर पति ने दिया तीन तलाक
ससुर ने दुष्कर्म की नियत से दबोचा
जागरण संवाददाता, टांडा : दहेज को लेकर महिला को प्रताड़ित किया। ससुर ने दुष्कर्म की नियत से दबोचा। चीख पुकार पर लोगों ने बचाया। बाद में पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के मुहल्ला निवासी महिला का कहना है कि उसका विवाह मुहल्ला भव्वलपुरी निवासी युवक के साथ 21 जून 2019 को हुआ था। पिता ने हैसियत के अनुसार दहेज में काफी सामान दिया था। ससुराल वाले दहेज के सामान से खुश नहीं थे और दहेज में बाइक व एक लाख रुपये की मांग करने लगे। विरोध पर कई दिन भूखा रखकर उसके साथ मारपीट करते थे। उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखता था। शिकायत पर तीन तलाक की धमकी देता था। गत 13 फरवरी को रात आठ बजे उसका पति घर से बाहर गया था। इसी बीच उसका ससुर उसके कमरे में घुस आया और उसे बुरी नियत से दबोचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। वह किसी प्रकार छूटकर कमरे से बाहर आई और शोर मचाया। इस पर पड़ोसी आ गए और पति भी पहुंच गया। उसने पति से अपने मायके जाने की बात कही। परिजनों से घटना की जानकारी देने की बात पर ससुरालियों ने उसे पकड़ लिया तथा जान से मारने की नीयत से उसे मच्छर मारने का पदार्थ आल आउट पिला दिया। सूचना पर उसके पिता भी पहुंच गए। उसके पिता अपने साथ लाने लगे। पति ने रोकने का प्रयास किया। मना करने पर उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। पिता ने अस्पताल में डाक्टरी मुआयना कराया। थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।