Move to Jagran APP

शिल्प देखना तो चले आइये हुनर हाट रामपुर

रामपुर केंद्र सरकार की ओर से रामपुर में 10 दिवसीय हुनर हाट का आयोजन किया गया है इसमें देश के 30 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के दस्तकार व शिल्पकार आए हैं जो अपने साथ अपने हुनर के जरिये बने शानदार उत्पाद भी लाए हैं।

By JagranEdited By: Published: Sun, 17 Oct 2021 10:57 PM (IST)Updated: Sun, 17 Oct 2021 10:57 PM (IST)
शिल्प देखना तो चले आइये हुनर हाट रामपुर
शिल्प देखना तो चले आइये हुनर हाट रामपुर

रामपुर: केंद्र सरकार की ओर से रामपुर में 10 दिवसीय हुनर हाट का आयोजन किया गया है, इसमें देश के 30 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के दस्तकार व शिल्पकार आए हैं, जो अपने साथ अपने हुनर के जरिये बने शानदार उत्पाद भी लाए हैं। राजस्थानी लाख की चूड़ी, कश्मीरी साल, मुरादाबाद के पीतल के बर्तन, बनारसी साड़ी आदि सारा सामान यहां उपलब्ध है। देश के तमाम राज्यों के लजीज व्यंजन भी यहां बन रहे हैं। इनका मजा लेने के लिए रामपुर ही नहीं, बल्कि दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। 20 को गजल सम्राट पंकज उधास और 25 अक्टूबर को वालीवुड सिगर कुमार शानू कार्यक्रम पेश करेंगे।

loksabha election banner

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से लगे इस हुनर हाट का शुभारंभ भी धमाकेदार हुआ। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की मौजूदगी में शानदार आगाज हुआ। श्री नकवी ने रविवार को भी हुनर हाट का निरीक्षण किया। हुनर हाट में उत्तर प्रदेश के आगरा, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बनारस, गोरखपुर, सहारनपुर समेत कई शहरों से शिल्पकार और दस्तकार आए हैं। इसके देश के कोने-कोने से दस्तकार आए हैं। राजस्थान, नागालैंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली, मणिपुर,झारखण्ड, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, लद्दाख, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल ,बिहार, आंध्रप्रदेश से भी हुनरमंद आए हैं। ये दस्तकार अपने साथ अपने हुनर के जरिये बनाए गए शानदार उत्पाद लाए हैं। यहां वुड आयरन के उत्पाद, लकड़ी एवं मिट्टी के खिलौने, खादी के उत्पाद, ब्लैक पाटरी, बांस-बेंत के सामान, ड्राई फ्लावर्स, ऑइल पेंटिग, हैण्डलूम के उत्पाद, पारम्परिक जड़ी-बूटियां आदि शानदार उत्पाद उपलब्ध हैं। रामपुरी चाकू और रामपुरी वायलिन भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। देशभर मे वायलिन केवल रामपुर में ही बनते हैं। बरेली और मुरादाबाद से भी आ रहे लोग

रामपुर: हुनर हाट में रामपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के तमाम जिलों से भी लोग आ रहे हैं। उन्हे यहां देश की संस्कृति के साथ ही हुनर भी देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह बरेली और मुरादाबाद से भी लोग आए। बरेली के लोगों को यहां पहुंचने में भी बहुत आसानी है, क्योंकि हुनर हाट नुमाइश ग्राउंड पनवड़िया में लगी है और यह स्थान बरेली की ओर से रामपुर शहर में एंट्री करने पर सबसे पहले आता है। हाइवे पर पनवड़िया ओवर ब्रिज के पास ही नुमाइश ग्राउंड है। रामपुर से बरेली की दूरी भी मात्र 63 किलोमीटर है। मुरादाबाद की दूरी भी रामपुर से मात्र 27 किलोमीटर है। रामपुर से अमरोहा की दूरी 64 किलोमीटर है। इतनी ही दूरी सम्भल जिले की है। इन जिलों के लोग भी यहां पहुंचकर हुनर हाट का आनंद ले सकते हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि गूगल मैप पर भी रामपुर हुनर हाट है। इसके जरिये यहां पहुंचने में लोगों को आसानी हो रही है। रविवार को अवकाश होने के कारण सुबह हुनर हाट में भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के जिलों से भी लोग आए. लेकिन दोपहर में बारिश शुरू होने के साथ ही लोग निकल लिए। तेज बारिश के कारण हुनर के बाजार में पानी भर गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.