जाम की चपेट में रहा नैनीताल और दिल्ली हाईवे
रामपुर : गुरुवार का दिन हाईवे पर सफर करने वालों के लिए परेशानी भरा रहा। दिल्ली-लखनऊ
रामपुर : गुरुवार का दिन हाईवे पर सफर करने वालों के लिए परेशानी भरा रहा। दिल्ली-लखनऊ हाईवे और नैनीताल हाईवे पर जाम की समस्या ने लोगों का सफर लंबा और मुश्किल कर दिया। गर्मी में लगे जाम से जहां स्कूली बच्चे परेशान हुए तो वहीं अन्य यात्रियों को भी दिक्कत हुई। रामपुर से बिलासपुर तक नैनीताल हाईवे जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। खासकर बिलासपुर में केमरी तिराहे से लेकर अहरो तिराहे तक मार्ग में जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। गुरुवार को सुबह 10 बजे मार्ग के इस हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया गया, जो अपराह्न करीब एक बजे तक चला। इस दौरान मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों की रफ्तर धीमी होने से जाम लग गया। कार, टेंपो समेत ई-रिक्शा के चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहनों को आड़ा-तिरछा फंसाने से स्थिति बिगड़ गई। वाहनों की तीन-तीन कतारें लग गईं। मुख्य चौराहा, माटखेड़ा मार्ग, पुरानी तहसील मार्ग, सब्जी मंडी तिराहा, सिनेमा मार्ग, कैनाल मार्ग आदि विभिन्न पर भीषण जाम लग गया। जाम में स्कूली बसें फंसने के कारण घर लौट रहे बच्चे गर्मी और भूख प्यास से बिलबिला गए। मौके पर आई पुलिस को यातायात सुचारू कराने में पसीने छूट गए। करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम की चपेट में रहा। उधर, रामपुर में मालगोदाम तिराहे के पास रोडवेज की दो बसें अचानक खराबी के चलते बंद हो गईं। इससे दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर भी जाम लग गया। बाद में क्रेन मंगाकर बसों को हटवाया गया। इसके बाद ही यातायात सुचारू हो सका। पनवड़िया रेलवे क्रॉ¨सग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास भी गहरे गड्ढे होने से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।