प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जागरण संवाददाता, रामपुर : आनंद कॉन्वेंट स्कूल द्वारा आयोजित खेल महोत्सव के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने पूरा दमखम दिखाया। इस दौरान रजा टैक्सटाइल मैदान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं की गईं।
शुभारंभ रेडिको खेतान के सीनियर मैनेजर आईपी सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर 100 मीटर रेस, रिले रेस, साइकल रेस, कबड्डी, क्रिकेट तथा खो-खो आदि विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि आईपी सिंह ने कहा कि हमें सदैव सत्य ही बोलना चाहिए। सत्य का अनुसरण करने वाला निडर जीवन व्यतीत करता है। जबकि झूठ बोलने वाला व्यक्ति हमेशा दुखी और भयभीत रहता है।
प्रधानाचार्य आभा सक्सैना ने कहा कि आज लड़कियां भी लड़कों की तरह ही बड़े स्तर पर अपने आत्मविश्वास के साथ बिना किसी पारिवारिक और सामाजिक बंधनों को तोड़े खेल गतिविधियों में भाग ले रही हैं। ऐसा करके वे देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। हमें ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
इस अवसर पर सरिता राठौर, निधि, सोफिया खान, पूर्णिमा वाष्र्णेय, अमृतपाल कौर, विपिन यादव व दीप्ति सैनी आदि रहे।