बारिश के बाद कोहरे की चादर ने थामी जीवन की रफ्तार
बारिश के बाद कोहरे की चादर ने थामी जीवन की रफ्तार
जागरण संवाददाता, रामपुर : बारिश के बाद शनिवार को घने कोहरे ने जीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। कोहरे की सफेद चादर ने वातावरण को पूरी तरह ढंक लिया। इसके चलते नेशनल हाइवे पर वाहन रोज की अपेक्षा कम ही नजर आए। मजबूरी में वाहन लेकर घरों से निकले लोग भी लाइट और इंडीकेटर ऑन कर आगे चल रहे वाहनों की सहारा लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखाई दिए। वहीं बारिश के बाद हवा में बढ़ी ठंडक ने लोगों को बहुत कंपकंपाया।
शुक्रवार व शनिवार की रात में भी बारिश हुई। इससे सर्दी और गलन और भी अधिक बढ़ गई। बारिश के बाद रविवार को दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर चलने के कारण कई स्थानों पर सुबह में यह कोहरा बौछार के रूप में गिरता दिखाई दिया। दोपहिया वाहनों से चलने वाले लोगों के चश्मे व हेलमेट पर कोहरे की बूंदें स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई। सुबह में नौ बजने के बाद भी घने कोहरे के कारण सौ कदम दूर का नजारा भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। छोटे-छोटे बच्चों को ऐसी ठंड और कोहरे में ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा। वहीं कामकाजी लोग भी गर्म कपड़ों से लदे अपने अपने कामों पर गए। ठंड और कोहरे के इस माहौल में जहां बाजार देर से खुले, वहीं कार्यालयों में भी कामकाज देर से ही शुरू हुआ। ऐसे माहौल में बाजारों में भीड़भाड़ भी काफी कम रही। जगह-जगह लोग अलाव तापते दिखाई दिए। उधर तापमान में लगातार आ रहे परिवर्तन के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। मौसमी बीमारियों से ग्रस्त लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।